
बाड़मेर/ चौहटन. जिले के चौहटन थाना क्षेत्र के बूठ राठौड़ान गांव में गुरुवार देर रात करीब एक बजे वाहनों में सवार होकर आए दो दर्जन से ज्यादा आरोपित पिता के सामने नाबलिग बेटी को उठा ले गए। पिता के विरोध करने पर उसके साथ लाठियों से जमकर मारपीट कर उसे घायल कर दिया। सूचना पर पुलिस ने जिले भर में नाकाबंदी की लेकिन आरोपितों का सुराग नहीं लग पाया है।
चौहटन थानाधिकारी मनोहर विश्रोई ने बताया कि गिराब थाना क्षेत्र के उगेरी निवासी मुख्य आरोपित सवाईसिंह के खिलाफ नाबालिग के अपहरण का मामला दर्ज हुआ है। एक दर्जन से ज्यादा आरोपितों ने देर रात नाबालिग का अपहरण किया। लड़की के पिता के साथ मारपीट हुई है।
यह है पूरा मामला
गुरूवार देर रात को चार वाहनों में सवार होकर आए करीब तीस से पैंतीस जनों ने अनाधिकृत रूप से एक रहवासी ढ़ाणी में प्रवेश कर अचानक हमला बोल दिया तथा नाबालिग लड़की का अपहरण कर वाहनो में बैठकर मौके से फरार हो गए, नाबालिग के परिवारजनों की ओर से मौके पर विरोध किया तो उनके साथ मारपीट कर चोटें पहुंचाई, अपहृत नाबालिग के पिता ने हमलावरों के विरूद्ध चौहटन पुलिस थाना में मामला दर्ज करवाया है। वहीं पुलिस ने आरोपियों सहित नाबालिग की तलाश
टीमें गठित, तलाश जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी रामेश्वरलाल मेघवाल के निर्देशन में उप अधीक्षक सुरेन्द्र प्रजापत की देखरेख में चौहटन मनोहर विश्रोई थानाधिकारी, गिराब थानाधिकारी पुष्पेन्द्र वर्मा, गडरारोड थानाधिकारी कमलकिशोर के नेतृत्व में टीमें गठित की गई हैं। शुक्रवार देर शाम तक आरोपितों सहित नाबलिग का पता नहीं लग पाया है।
संदिग्ध दस्तयाब
पुलिस ने मामला नामजद होने पर आरोपितों के नजदीकी लोगों को दस्तयाब किया है। पुलिस संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है। हालांकि मामले में अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। बताया जा रहा है कि पीडि़त पक्ष ने वारदात होने की आशंका के चलते पूर्व में थाने में रिपोर्ट भी दी थी।
- टीमें गठित,तलाश जारी
नाबालिग के अपहरण का मामला दर्ज कर टीमें गठित की हैं। तीन थानाधिकारी तलाश में जुटे हुए हैं। मामला नामजद है। कई संदिग्ध लोगों को दस्तयाब किया है। - रामेश्वरलाल मेघवाल, एएसपी बाड़मेर
Published on:
08 Jun 2018 09:36 pm
