
पत्रिका फोटो
राजस्थान के बालोतरा जिले के सिवाना थाना क्षेत्र के मवड़ी गांव में प्रेम-प्रसंग को लेकर जालोर के सिखवाड़ा गांव निवासी युवक पूर्णसिंह की सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने पर्दाफाश कर लिया है। मवड़ी गांव में युवक को बंधक बना मारपीट करके हत्या की और शव को जसोल थाना क्षेत्र के रेतीले धोरों में दफना दिया गया। बालोतरा पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित तीन महिला आरोपियों समेत कुल पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया है।
पुलिस अधीक्षक हरीशंकर ने बताया कि 17 अप्रेल 2025 को रामसीन थाना जिला जालोर में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट में जोगसिंह ने बताया कि उसका पुत्र पूर्णसिंह 13 अप्रेल की सुबह बाइक पर सवार होकर मवड़ी गांव के लिए निकला और वापस नहीं लौटा। वहीं 19 अप्रेल की सुबह मंडली थाने में पदस्थापित हैड कांस्टेबल अजय कुमार को जानकारी मिली कि पूर्णसिंह की हत्या कर शव को कहीं दफना दिया है। ऐसे में जांच के लिए थानाधिकारी दिनेश के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
जांच में सामने आया कि मवड़ी निवासी छतरसिंह की पुत्री मनीषा कंवर के साथ पूर्णसिंह के दो वर्षों से प्रेम संबंध थे। मनीषा को बाद में पता चला कि पूर्णसिंह पहले से विवाहित है, जिसके बाद उसने संबंध तोड़ दिए। मनीषा का विवाह तय होने पर पूर्णसिंह 13 अप्रेल दोपहर को मवड़ी पहुंचा और मनीषा को अपने साथ चलने की जिद करने लगा।
इस पर परिजनों ने उसे बंधक बनाकर मनीषा के मामा कानसिंह को मुठली से बुलाया। कानसिंह के आने के बाद सभी ने मिलकर पूर्णसिंह को गांव के एक सुनसान मकान में ले जाकर लाठियों से पीटा, जिससे मौके पर मृत्यु हो गई। हत्या के बाद साक्ष्य छुपाने के लिए शव को एसयूवी में डालकर जसोल थाना क्षेत्र के बामणी ग्राम कीटनौद के रेतीले धोरों में दफना दिया।
यह वीडियो भी देखें
मुख्य आरोपी कानसिंह की निशानदेही पर मृतक का शव बरामद कर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपा गया। पुलिस ने हत्या व साक्ष्य मिटाने के आरोप में पांच अभियुक्तों कानसिंह पुत्र चतरसिंह निवासी मुठली, छतरसिंह उर्फ चतरसिंह पुत्र खीमसिंह निवासी मवड़ी, पारस कंवर पत्नी छतरसिंह निवासी मवड़ी, मनीषा कंवर पुत्री छतरसिंह निवासी मवड़ी व पुष्पा कंवर पत्नी कानसिंह निवासी मुठली को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश में विशेष अभियान जारी है।
Updated on:
21 Apr 2025, 7:57 PM IST
Published on:
21 Apr 2025, 7:57 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.