
Rajasthan Chunav 2024 : लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में राजस्थान की हॉट सीट बन चुकी बाड़मेर लोकसभा सीट पर बयानबाजी तेज हो गई है। बयानबाजी के इस दौर में अब पाकिस्तान और टुकड़े-टुकड़े गैंग की भी एंट्री हो गई है। दरअसल बायतु में भाजपा प्रत्याशी कैलाश चौधरी ने कहा कि टुकड़े-टुकड़े गैंग की नजर बाड़मेर सीट पर भी है। बॉर्डर की ये सीट अगर ऐसे लोगों के हाथ में चली जाएगी तो देश में घुसपैठ शुरू हो जाएगी। पाकिस्तान भी लगा हुआ है कि किसी भी प्रकार से यहां राष्ट्रवादी विचारधारा का व्यक्ति जीत कर न आए।
उन्होंने कहा कि टुकड़े-टुकड़े गैंग कितने भी प्रयास कर लें, लेकिन नरेंद्र मोदी को जनता के दिलों से नहीं हटा सकते। ऐसे में यह तो तय है कि जनता के प्यार और आशीर्वाद से नरेंद्र मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। पाकिस्तान और टुकड़े-टुकड़े गैंग, सारी ताकत के साथ इस सीट पर नजर गढ़ाए बैठी है। उन्होंने कहा कि मैंने 5 साल तक सेंट्रल एजेंसियों के साथ कई बार वार्ता की, जिसका परिणाम है कि कोई भी घुसपैठिया हमारे देश में नहीं घुसा और घुसने की हिम्मत भी को तो वहीं दफना दिया गया। उन्होंने तंज कसा कि अगर राष्ट्रवादी विचारधारा का व्यक्ति चुनाव जीतता है, तो भारत में पटाखे फूटते हैं, लेकिन ऐसा नहीं होने पर पाकिस्तान में जश्न मनाया जाता है।
वहीं कैलाश चौधरी ने निर्दलीय प्रत्याशी रविंद्र सिंह भाटी को कांग्रेस की बी-टीम बता दिया है। मीडिया से बातचीत के दौरान एक सवाल के जवाब में चौधरी ने कहा कि पूरा बाड़मेर, जैसलमेर जानता है कि वह (रविंद्र सिंह भाटी) कांग्रेस की बी टीम हैं और उसी के अनुसार काम कर रहे हैं, लेकिन यहां की जनता का समर्थन पीएम मोदी के साथ है। इंडिया गठबंधन पर निशाना साधते हुए उन्होंने आगे कहा कि पूरा देश जानता है कि राहुल गांधी ने उनके समय में कितने घोटाले किए। वे कभी न तो प्रधानमंत्री बन सकते हैं न ही देश का नेतृत्व कर सकते हैं। पूरा देश पीएम मोदी के साथ है और यह घमंडिया गठबंधन कहीं आस-पास भी नहीं है।
Updated on:
23 Apr 2024 04:33 pm
Published on:
23 Apr 2024 04:31 pm
बड़ी खबरें
View Allबाड़मेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
