
बालोतरा में सभा को संबोधित करते भाजपा प्रदेशाध्यक्ष परनामी
अक्टूबर-नवम्बर में प्रधानमंत्री करेंगे रिफाइनरी का शिलान्यास- परनामी
- सेवा संकल्प कार्यक्रम में कांग्रेस पर साधे निशाने, कहा- धरातल बचाने के लिए विपक्षी दलों का ले रही साथ- ढ़ाई घंटे देरी से पहुंचे प्रदेशाध्यक्ष
बालोतरा.कांग्रेस ने प्रदेश को घाटे में धकेल रिफाइनरी का एमओयू किया, लेकिन प्रदेश की जनता का भाग्य अच्छा था, मुख्यमंत्री ने पुन: एमओयू कर 40 हजार करोड़ रूपए बचा लिए। रिफाइनरी स्थापना की शुरुआत भाजपा ने 2005 में की थी, इसके बाद 2013 में कांग्रेस ने चुनावी फायदे के लिए आनन-फानन में शिलान्यास करवाया। यह बात रविवार को लघु उद्योग मंडल भवन में प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर आयोजित सेवा संकल्प कार्यक्रम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी ने कही। उन्होंने कहा कि अक्टूबर के अंत या नवम्बर शुरुआत में प्रधानमंत्री के हाथों रिफाइनरी का शिलान्यास करवा कार्य शुरू करवाया जाएगा। परनामी ने कहा कि भाजपा ने देश की जनता का विश्वास जीतने के साथ राष्ट्र को मजबूती देने का कार्य किया। देश की जनता का कांग्रेस से मोहभंग हो गया। कांग्रेस ने भ्रष्टाचार कर मंहगाई बढ़ाई। वर्तमान में कांग्रेस की स्थिति यह हो गई है कि धरातल बचाने के लिए विपक्षी दलों की ओर ताकना पड़ रहा है। कांग्रेस विपक्षी दलों को साथ लेकर भाजपा से लडऩे की तैयारी कर रही है। नोटबंदी ने भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने का कार्य किया। जिला संगठन प्रभारी एवं जोधपुर विकास प्राधिकरण अध्यक्ष महेन्द्रसिंह राठौड़ ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार ने पांच साल मेें जितना विकास कार्य करवाया, उससे कई गुना अधिक विकास भाजपा ने 3 साल में करवाया है। राजस्व राज्य मंत्री अमराराम चौधरी ने स्वागत भाषण देकर विधानसभा क्षेत्र में जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रमों की जानकारी दी।
ढ़ाईघंटे देरी से पहुंचे प्रदेशाध्यक्ष-भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी का तीन बजे बालोतरा पहुंचने का कार्यक्रम तय था। इस पर राजस्व राज्यमंत्री अमराराम चौधरी दोपहर करीब 4 बजे लघु उद्योग मंडल भवन पहुंच गए। इसके बाद 4:45 बजे सिवाना विधायक हमीरसिंह भायल भी पहुंच गए। करीब ढ़ाईघंटे बाद शाम 5:20 बजे प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी पहुंचे।
अंत में याद आए दिवंगत सांसद- सेवा संकल्प कार्यक्रम में भाग लेने आए प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी ने पहले जमकर कांग्रेस पर निशाना साधा तथा इसके बाद भाजपा सरकार, प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री की तारिफों के पुल बांधे। संबोधन के दौरान दिवंगत अलवर सांसद महंत चांदनाथ की श्रद्धाजंलि का कहीं जिक्र नहीं किया। संबोधन समाप्ति के बाद अलवर के दिवंगत सांसद महंत चांदनाथ को दो मिनट का मौन रख श्रद्धांजलि दी गई।
महिलाओं का संगठन, फिर भी शून्य- भाजपा ने पार्टी में महिलाओं की सहभागिता को बढ़ाने के लिए महिला मोर्चा का गठन कर रखा है। इसके बावजूद आयोजित कार्यक्रम में केवल एक महिला ही नजर आई।
रक्तदान शिविर आयोजित- लघु उद्योग मंडल भवन में प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर रक्तदान शिविर आयोजित हुआ। इसमें पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने 22 यूनिट रक्त दान किया।
ये रहे मौजूद- कार्यक्रम में सांसद कर्नल सोनाराम चौधरी, सिवाना विधायक हमीरसिंह भायल, बाड़मेर यूआईटी अध्यक्ष डॉ. प्रियंका चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष जालमसिंह रावलोत, पूर्व विधायक कानङ्क्षसह कोटड़ी, प्रदेश मंत्री कैलाश मेघवाल, कल्याणपुर प्रधान हरीसिंह उमरलाई, सीईटीपी अध्यक्ष सुभाष मेहता, भवानीसिंह टापरा, पूर्वसभापति महेश बी.चौहान, मौजूद थे।

Published on:
18 Sept 2017 12:00 am
बड़ी खबरें
View Allबाड़मेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
