4 मार्च 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Barmer Road Accident: SUV की टक्कर से ननद-भाभी की दर्दनाक मौत, 50 मीटर दूर उछलकर गिरीं, सड़क पर फैला खून

बाड़मेर के धोरीमन्ना थाना क्षेत्र में नेशनल हाइवे-68 पर तेज रफ्तार थार ने ननद और भाभी को कुचल दिया। रामदेवरा दर्शन कर लौट रहीं दोनों महिलाएं हाइवे पार कर रही थीं। हादसे में मौके पर ही दोनों की मौत हो गई।

2 min read
Google source verification
Barmer Road Accident

सड़क हादसे में ननद और भाभी की मौत (फोटो- पत्रिका)

Barmer Road Accident: बाड़मेर जिले के धोरीमन्ना थाना क्षेत्र में नेशनल हाइवे-68 पर गुरुवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में ननद-भाभी की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार थार वाहन ने दोनों महिलाओं को टक्कर मार दी, जिससे वे उछलकर सड़क के दोनों ओर करीब 50 मीटर दूर जा गिरीं।

हादसे के बाद चालक थार लेकर मौके से फरार हो गया। घटना बोर चारणान टोल प्लाजा से करीब दो किलोमीटर पहले सुबह करीब 5 बजे हुई। पुलिस के अनुसार, गुजरात के बनासकांठा जिले के कांकरेज थाना क्षेत्र के गिहोरी गांव के रहने वाले करीब 50 श्रद्धालु बस से रामदेवरा दर्शन के लिए गए थे।

दर्शन कर बुधवार रात वे लोग बस से वापस गुजरात लौट रहे थे। रास्ते में बस को हाइवे किनारे खड़ा किया गया और चालक डीजल लेने चला गया। इसी दौरान बस में सवार प्रेमी बहन (55) पत्नी दलश्योंगजी और उनकी भाभी तारा बहन (50) पत्नी अमृत बस से उतरकर हाइवे के दूसरी ओर जाने के लिए सड़क पार कर रही थीं।

तभी धोरीमन्ना से सांचौर की ओर जा रही तेज रफ्तार थार ने दोनों महिलाओं को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों महिलाएं उछलकर सड़क पर गिर पड़ीं और थार उन्हें कुचलते हुए आगे निकल गई। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर काफी दूर तक खून फैल गया।

सूचना मिलने पर स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। एंबुलेंस की मदद से दोनों महिलाओं को धोरीमन्ना अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोनों शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही धोरीमन्ना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का जायजा लिया।

थानाधिकारी दीप सिंह ने बताया, प्रारंभिक जांच में थार वाहन की तेज रफ्तार और लापरवाही सामने आई है। फरार वाहन और उसके चालक की तलाश के लिए टोल प्लाजा और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।