15 दिसंबर 2025,

सोमवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सरहद पर गरजे मोदी, बोले- आतंकवादियों को नहीं छोडूंगा

बाड़मेर के आदर्श स्टेडियम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आमसभा, बताई देश की ताकत और मांगी फिर वोट की ताकत  

4 min read
Google source verification
Prime Minister Narendra Modi's General Meeting

Prime Minister Narendra Modi's General Meeting

बाड़मेर.प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की पश्चिमी सरहद की चुनावी सभा में देश की सामरिक ताकत दिखाते हुए कहा कि पाकिस्तान को बिना युद्ध किए ही रोने को मजबूर कर दिया है। थल, नभ और जल तीनों से मिसाइल से हमला करने को सक्षम है। उन्होंने देश की सेना की ताकत और अत्याधुनिक हथियारों को गिनाते हुए कहा कि पांच साल में हमने देश की सेना को संसाधनों से पूरा मजबूत कर लिया है। मोदी ने कहा कि ये मुख्यमंत्री क्या चीज है...प्रधानमंत्री क्या चीज है....देश का सैनिक बड़ा है।

बाड़मेर के आदर्श स्टेडियम में रविवार को आयोजित आमसभा में प्रधानमंत्री ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ मैं कहीं गलत नहीं था। आतंकवादियों को नहीं छोडूंगा। उन्होंने श्रीलंका में हुए आतंकवादी हमले का जिक्र करते हुए कहा कि प्रभु यीशु की प्रार्थना कर रहे लोगों का क्या कसूर था? आतंकवाद दुनिया के लिए मुसीबत बन गया है। भारत ने जवाब दिया तो अब आतंकवादी घटनाएं नहीं हो रही है।


राम- राम सा से शुरू
प्रधानमंत्री ने भाषण प्रारम्भ करने से पहले कहा कि मारवाड़ री मरू भूमि में पधारिया सगला भाइयों ने बहनों ने म्हारों घणो घणो राम राम सा। इसके बाद संबोधन शुरू किया। प्रधानमंत्री ने मंच से किसी नेता का नाम नहीं लिया। उनका गला पहले पहल रूंधा हुआ लगा लेकिन बाद में वे लय में आ गए।

न्यू वोटर्स
मोदी ने नए मतदाताओं को जोड़ते हुए कहा कि इक्कीसवीं सदी का भारत के इन युवाओं के वादों,इरादों को मैं भलीभांति समझता हूं।

पुलिस
दिल्ली में पुलिस ममोरियल का जिक्र करते हुए कहा कि 35000 पुलिसकर्मी शहीद हुए है। इन लोगों की सेवा को किसी ने नहीं समझा है।

सेना
वन रैंक वन पेंशन और वार मेमोरियल का जिक्र करते हुए देश की सेना और सैनिकों की तारीफ बार-बार करते हुए कहा कि पूर्व में किसी ने भी सेना का इतना सम्मान नहीं किया। उन्होंने सैनिकों के साथ दिवाली मनाने का जिक्र भी किया।

पाक विस्थापित
अल्पसंख्यक हिन्दुओं को पाकिस्तान में धर्म परिवर्तन को मजबूर किया जा रहा है। जो आस्था को नहीं छोड़ रहे है वे भारत आते है। यहां पर भी कोई ध्यान नहीं रख रहा है। दुबारा मोदी सरकार आई तो इनके लिए कानून लाया जाएगा।

ये किए वादे
- रिफाइनरी का कार्य प्रारंभ किया है इससे विकास होगा
- पानी की समस्या का समाधान होगा, नर्मदा का पानी पहुंचेगा
- भारतमाला के तहत सड़कों का निर्माण होगा
- रेल व अन्य कनेक्टिविटी दी जाएगी

माहौल की खासियत
- मुखौटे लगाकर पहुंचे लोग
- भरपूर गर्मी में गर्मजोशी
- कार्यक्रम समाप्त होने पर लगा जाम
- 1 बजे लोग आना हुए शुरू, 6 बजे तक जमे रहे

चौकीदार का गीत व टोपियां रही आकर्षण का केन्द्र
कार्यक्रम के दौरान मोदी समर्थक चौकीदार लिखी टोपियां पहन कर आए। इस दौरान मंच से भजन गायक प्रकाश माली ने चौकीदार-चौकीदार का गीत गाया तो आमजन ने भी साथ निभाया। कार्यक्रम समाप्त होने पर प्रधानमंत्री मोदी ने भी चौकीदार का संकल्प दिलाया।

स्टेडियम भरा खचा-खच
आदर्श स्टेडियम पूरा खचाखच भरा था। भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में मोदी को देखने लोग पहुंचे। हालांकि पांडाल में भारी उमस व गर्मी बनी हुई रही। लेकिन लोग उठे नहीं। इससे पहले स्टेडियम में सोनिया गांधी और राहुल गांधी की सभा भी हो चुकी है।

कर्नल का नहीं आना चर्चा का विषय
प्रधानमंत्री की सभा में सांसद कर्नल सोनाराम चौधरी का नहीं आना चर्चा का विषय रहा। कर्नल् का टिकट कटने के बाद प्रचार-प्रसार से दूरी बनाए हुए है। मोदी की सभा में कर्नल के बैठने का इंतजाम भी उनके निकट की दूसरे नंबर की सीट पर करने की जानकारी थी लेकिन कर्नल नहीं आए। भाजपा प्रत्याशी कैलाश चौधरी के नामांकन के दिन केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़केर नहीं आए थे। कर्नल इससे पहले बयान दे चुके है कि भाजपा ने उन्हें दूध में से मक्खी की तरह निकाल फैंका है। अब उनके नहीं आने के बाद कर्नल की नाराजगी खुलकर सामने आई है।


किसने क्या कहा...
- पूर्व मंत्री राजेन्द्रसिंह राठौड़ ने कहा कि प्रत्याशी कैलाश पर जो मुकदमें हैं ये उनके लिए गहने हैं। गरीब के लिए उन्होंने पुलिस की लाठी खाई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस घोटालों की सरकार है। आपका एक वोट स्वाभिमान व देश की सुरक्षा का है। राज्य के मुखिया पाकिस्तान के प्रवक्ता की तरह बात कर रहे हंै।
- सतीश पूनिया ने कहा कि लोकतंत्र की लड़ाई में किसानों को साक्षी बनना होगा। वोट की चोट से सबक सिखाना आवश्यक है। कई सरकारें आई और चल गई, लेकिन जब से नरेन्द्र मोदी आए हैं, तभी आम गरीब को गले लगाकर उनका दर्द समझा। देश पर आंच आएगी तो दुश्मन के घर में घुस कर जबाव दिया।
- प्रत्याशी कैलाश चौधरी ने कहा कि अगर कांग्रेस का प्रत्याशी विजयी हो गया तो पाकिस्तान में फटाखे फोड़े जाएंगे। जबकि भाजपा का प्रत्याशी जितने पर देश में खुशियां मनाई जाएगी। कांग्रेस सरकार ने आम गरीब को गुमराह करने का काम किया है। भाजपा राज में विकास के आयाम स्थापित हुए हंै। यह लोकसभा क्षेत्र विकास के क्षेत्र में मॉडल बनेगा।
- प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी ने कहा कि मोदी के राज में देश सुरक्षित महसूस करता है। उन्होंने कहा कि देश में मोदी लहर है। लोकतंत्र को बचाने के लिए कमल के फूल पर वोट देना है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर सवाल खड़े किए।

इन्होंने किया सम्बोधित
सभा को विधायक हमीरसिंह भायल, डॉ. प्रियंका चौधरी, महंत प्रतापपुरी, जोधपुर जिलाध्यक्ष भूपालसिंह बड़ला, राजेन्द्र गहलोत, बालाराम मूढ़, महेश शर्मा, तरुणराय कागा, लादूराम विश्रोई, सांगसिंह भाटी, स्वरुपसिंह चाडी, संत परशुराम, अमराराम चौधरी, प्रकाश माली, माधोसिह दीवान, जोगराजसिंह राजपुरोहित, उदाराम मेघवाल, डॉ. जालमसिंह रावलोत, जिलाध्यक्ष दिलीप पालीवाल, केके विश्रोई, महेश बी चौहान आदि ने संबोधित किया।


बड़ी खबरें

View All

बाड़मेर

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग