
हाईवे किनारे कई गांवों में खुलेआम बिक रही अवैध शराब (पत्रिका फोटो)
Barmer Illegal Liquor Sold: बाड़मेर के सेड़वा इलाके में भारतमाला हाईवे के किनारे नियमों को ताक पर रखकर अवैध शराब का धंधा धड़ल्ले से चल रहा है। यहां स्वीकृत शराब ठेकों की आड़ में कई गांवों और चौराहों पर बिना मंजूरी के अवैध 'ब्रांच' (दुकानें) खोल दी गई हैं। मदावा, गिड़ा, डिंडावा, नगरानी फांटा और सांवलासी जैसे गांवों में खुलेआम शराब बेची जा रही है। स्थानीय लोगों का गंभीर आरोप है कि आबकारी विभाग सब कुछ जानते हुए भी इस पर कोई एक्शन नहीं ले रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि नियमों के मुताबिक, शराब सिर्फ तयशुदा अधिकृत दुकान पर ही बिकनी चाहिए। लेकिन मुनाफा कमाने के लिए ठेकेदारों ने हाईवे के किनारे जगह-जगह अपनी अवैध चौकियां बना ली हैं। भारतमाला हाईवे पर गाड़ियों का आना-जाना बहुत ज्यादा रहता है, इसलिए इन अवैध ठिकानों पर दिन-रात खरीदारों का तांता लगा रहता है।
इससे न सिर्फ सरकार के राजस्व (कमाई) को चूना लग रहा है, बल्कि सड़क हादसों का खतरा भी बहुत ज्यादा बढ़ गया है। नशे में गाड़ी चलाने के कारण आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है और इलाके की कानून-व्यवस्था भी बिगड़ रही है।
इलाके के लोगों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि गांव-गांव और चौराहों पर आसानी से शराब मिलने की वजह से युवाओं में नशे की लत तेजी से बढ़ रही है। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने इस काले कारोबार को बंद कराने के लिए प्रशासन और आबकारी विभाग को कई बार लिखित शिकायतें भेजीं, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने मांग की है कि इन सभी अवैध ब्रांचों की तुरंत जांच की जाए और इन्हें बंद कराकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो।
इस पूरे मामले पर बाड़मेर के जिला आबकारी अधिकारी दिनेश गहलोत का कहना है कि मुख्य अलॉटेड दुकान के अलावा कहीं भी दूसरी जगह शराब बेचना पूरी तरह गैरकानूनी है। उन्होंने भरोसा दिया है कि जिन जगहों पर बिना अनुमति के अवैध शराब की ब्रांच चलाई जा रही हैं, उनकी जांच करवाकर नियमों के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
24 Jun 2026 11:52 am
Published on:
24 Jun 2026 11:51 am
