28 जनवरी 2026,

बुधवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अमरीका में फैशन शो, रैम्प पर नजर आए इंडो-वेस्टर्न परिधान

अमरीका में ग्लोबल वुमेन फेस्टिवल 2022 में रूमा देवी सम्मानित

2 min read
Google source verification
अमरीका में फैशन शो, रैम्प पर नजर आए इंडो-वेस्टर्न परिधान

अमरीका में फैशन शो, रैम्प पर नजर आए इंडो-वेस्टर्न परिधान

महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में विश्व स्तरीय कार्य करने पर संयुक्त राज्य अमरीका के संस्थान एम्पावरिंग की तरफ से बाड़मेर की रूमा देवी को महिला सशक्तिकरण की वैश्विक महिला नेता के रूप में प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। उन्हें ये सम्मान सिएटल सिटी में 10वें वार्षिक ग्लोबल वुमेन फेस्टिवल 2022 में प्रदान किया गया, जहां वे भारत से बतौर सेलिब्रेटी गेस्ट के रूप में आमंत्रित थी। इस अवसर पर रूमा ने कहा की यह सम्मान सिर्फ उनका ही नहीं बल्कि उन सभी महिलाओं का सम्मान है, जो खुद को सशक्त कर अन्य महिलाओं को आगे बढ़ाने में अपना योगदान दे रही हैं। विश्व स्तर पर भारतीय महिलाओं की ओर से किए जा रहे नेतृत्व पर खुशी जताते हुए उन्होंने कहा की विश्व में बढ़ता महिला नेतृत्व सामाजिक समानता लाएगा।
फैशन शो का हुआ आयोजन
ग्लोबल वुमेन फेस्टिवल में राजस्थानी एवं भारतीय हस्तकला को प्रमोट करने एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए तीन थीम पर आधारित फैशन शो का आयोजन किया गया। फैशन डिजाइनर रूमा देवी की ओर से तैयार इण्डियन, इण्डो वेस्टर्न एवं वेस्टर्न कलेक्शन में ड्रेसेज, जम्प शूट, स्कर्ट, टोप, अनारकली ड्रेस, ड्रेस विथ जैकेट आदि कलेक्शन प्रस्तुत किए गए। एप्लिक, एंब्राइडरी, कशीदाकारी, गोटा पत्ती वर्क, अजरक प्रिन्ट के साथ तैयार परिधानों को रैम्प पर उतारा गया।
संस्कृति को बना रहे हैं फैशन का हिस्सा
रेंटन के कार्को थिएटर में आयोजित टैलेंट राउंड में रूमा देवी मुख्य अतिथि व निर्णायक के तौर पर शामिल हुई। उन्होंने विभिन्न फैशन प्रतिभागियों में से विभिन्न श्रेणियों में श्रेष्ठ का चयन किया। उन्होंने कहा की आज की दुनिया फैशन की दुनिया है। इसमें हर दिन कुछ नया फैशन होता है। इतनी तेजी से बदलती दुनिया में हम अपनी संस्कृति को फैशन का हिस्सा बना रहे हैं। हम अपनी संस्कृति को साथ लेकर चल रहे है। ये खुशी की बात है। अपनी 20 दिवसीय अमरीका यात्रा के के अंतिम पड़ाव में रुमा देवी ने सांस्कृतिक प्रदर्शनों का अवलोकन किया। उन्होंने बिजनेस शो में बतौर वक्ता भाग लिया। उन्होंने फैशन शो के माध्यम से देश की शिल्पकलाओं और हस्तकला के परिधानों को कैसे प्रमोट किया जाए तथा ये कलाएं कैसे विश्व स्तर पर अपनी पहचान को और मजबूत कर सके इस पर अपने विचार रखे।
वैश्विक कंपनियों की कार्यप्रणाली को समझा
रूमा देवी ने यात्रा के दौरान सिएटल शहर में सॉफ्टवेयर कंपनी माइक्रोसॉफ्ट एवं अमेजन के मुख्यालयों का दौरा करके उनके अधिकारियों से कार्यो को समझा। भारतीय बाजार के लिए अनुकूल संभावनाओं पर चर्चा की।