
Swine flu death of the victim student
स्वाइन फ्लू पीडि़त छात्रा की अस्पताल में मौत
जोधपुर में इलाज के दौरान लापरवाही का आरोप
अंतिम संस्कार के बाद पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम
रामसर . क्षेत्र के बबूगुलेरिया निवासी 12वीं कक्षा की छात्रा की जोधपुर में इलाज के दौरान स्वाइन फ्लू से मौत हो गई। छात्रा को लगभग एक सप्ताह से बुखार आ रहा था। वहीं जोधपुर पहुंचने पर भी उसे पूरी रात आइसीसू में भर्ती नहीं किया गया। आखिर परिजन ने जनप्रतिनिधियों से सिफारिश लगवा कर उसका इलाज शुरू करवाया।
परिजन का कहना है कि नकू पुत्री भगाराम को 6 दिसम्बर को बुखार आने पर उसे रामसर अस्पताल ले गए। वहां से दवाई लेने पर भी बुखार नहीं उतरा तो वे 8 तारीख को उसे दुबारा दिखाने गए। इस पर चिकित्सक ने उसे बाड़मेर रैफर कर दिया। जिला मुख्यालय पर जांच के बाद छात्रा को जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल रैफर कर दिया। परिजन का आरोप है कि वहां इलाज में लापरवाही देख उन्होंने जनप्रतिनिधियों से सिफारिश भी लगवाई। आखिर नौ दिसम्बर तड़के 4 बजे नकू को आइसीयू में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया।
इलाज के दौरान 11 दिसम्बर की शाम को उसकी मौत हो गई। छात्रा के शव का बुधवार सुबह गांव में परिजन ने अंतिम संस्कार किया। इसके बाद जिला मुख्यालय से स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची तथा परिवार व आस-पास के लोगों की स्क्रीनिंग करवाई।
ये भी पढ़े...
बस की टक्कर से, युवक की मौत
क्षेत्र के गूंगा सरहद की घटना
शिव . क्षेत्र के गूंगा सरहद में राष्ट्रीय राजमार्ग 68 पर बुधवार सुबह बस की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार भंवरलाल पुत्र फकीराराम मेघवाल निवासी गूंगा अपने साथियों के साथ हाइवे किनारे टहल रहे थे। तभी बाड़मेर से जैसलमेर की ओर जा रही मिनी बस ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में भंवरलाल गंभीर घायल हो गया। उसे 108 एंबुलेंस से स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां गंभीर हालत के चलते उसे बाड़मेर रैफर किया गया। वहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस की निगरानी में शव का पोस्टमार्टम करवा परिजन को सुपुर्द किया। वहीं मिनी बस जब्त कर चालक को जैसलमेर पुलिस के सहयोग से गिरफ्तार किया। मृतक के चचेरे भाई कमलाराम पुत्र डूंगराराम मेघवाल ने वाहन चालक के खिलाफ तेज गति व लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज करवाया।
Published on:
13 Dec 2018 09:46 am
