बाड़मेर में तीन दिवसीय थार महोत्सव का आगाज शहर के गांधी चौक स्कूल से शोभायात्रा के साथ हुआ। शोभायात्रा को विधायक मेवाराम जैन, जिला कलक्टर लोकबंधु, सभापति दीपक माली व जिला प्रमुख महेन्द्र चौधरी ने हरी झंडी दिखा कर किया। शोभायात्रा में सबसे आगे बीएसएफ के श्रृंगारित ऊंट रहे। जो कि सबसे आकर्षण का केन्द्र रहे। शोभायात्रा शहर के मुख्य मार्गो से होते हुए आदर्श स्टेडियम पहुंची।
यहां पर कैमल टैटू शो ने सभी का मन मोह लिया। वहीं ऊंटों पर जवानों ने युद्ध कौशल का परिचय भी दिया। आदर्श स्टेडियम में साफा प्रतियोगिता, दादा-पौता दौड़, मटका दौड़, दम्पति दौड़ व रस्साकशी प्रतियोगिताओं के साथ चर्चित थारश्री व थार सुन्दरी प्रतियोगिता हुए। थारश्री विक्रम सोलंकी बने वहीं, थार सुन्दरी का खिताब बीकानेर की कोमल सिद्ध व तनु फुलवारिया के नाम रहा।