बाड़मेर. भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन गई है जिसका श्रेय कार्यकर्ताओं को जाता है। पार्टी को खड़ा करने में कई लोगों ने बलिदान दिया है। सत्ता का जरिया संगठन से होकर निकलता है। संगठन को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं को मेहनत पहली प्राथमिकता होती है। प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठन देख रहा है। समय आने पर कार्यकताओं को उचित पद पर लगाना संगठन का काम है। यह बात केंद्रीय चुनाव समिति के सदस्य ओम प्रकाश माथुर शुक्रवार को बाड़मेर में कार्यकर्ताओं के साथ अग्रवाल पंचायत भवन में सीधा संवाद कार्यक्रम में कही। माथुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र की सरकार ने आमजन को लाभ देने का काम किया। भारत विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है।
उन्होंने नए मतदाता को मोदी सरकार की योजनाएं बताकर जोडऩे की बात की। इससे पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष स्वरूप सिंह खारा ने स्वागत भाषण में कहा कि कार्यकर्ता सबसे बड़ी ताकत है जिस पर पूरा संगठन टिका हुआ है। कार्यकर्ता के आगे कभी पूर्व नहीं लगता, वे ही नीव के पत्थर है। धन्यवाद नगर परिषद प्रतिपक्ष नेता पृथ्वी चंडक ने दिया। मंच संचालन अध्यक्ष सुरेश मोदी ने किया। कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष दिलीप पालीवाल व आदूराम मेघवाल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य स्वरूप सिंह राठौड़, डॉ प्रियंका चौधरी, जालम सिंह रावलोत, पूर्व सांसद कर्नल सोनाराम चौधरी, जिला महामंत्री बालाराम मूंढ़, उपस्थित रहे।