
Barmer News: बाड़मेर के सदर थाना क्षेत्र के डूंगरों का तला गांव में हाइवे-68 के पास एक युवक ने पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आसपास के लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। थानाधिकारी सत्यप्रकाश ने बताया डूंगरों का तला हाल दानजी की हौदी निवासी बाबूलाल (30) पुत्र भूराराम अपने बच्चों और पत्नी के साथ रहता था।
वह बाड़मेर में दानजी की हौदी स्थित अपने घर आया था। इसी दिन देर रात में मोटरसाइकिल लेकर डूंगरों का तला पहुंचा और पेड़ से फंदा लगाकर जान दे दी। पिता ने युवक के ससुराल वालाें पर आत्महत्या को लेकर उकसाने का आरोप लगाया है। रिपोर्ट में आरोप है कि रात्रि में ससुराल के लोगाें ने युवक को धमकाने के साथ मारपीट भी की थी। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने बीएनएस 108 के तहत आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने को लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पत्नी अपने पीहर गई हुई थी जो रविवार को ही लौटी थी। इस दौरान युवक अपने गांव गया हुआ था। वह यहां कृषि मंडी में एक फर्म पर काम करता था। मृतक के पास 38 हजार नकद व एक मोबाइल मिला है। उसकी बाइक भी घटना स्थल के पास ही मिली।
भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) लागू होने के बाद पहले दिन सोमवार को जिले के तीन थानों में तीन केस दर्ज किए गए। युवक को ससुराल पक्ष की ओर से प्रताड़ित करने पर डूंगरों का तला में आत्महत्या करने का मामला बीएनएस 108 में सदर थाने में दर्ज हुआ। इसी तरह कोतवाली में बाइक चोरी का मुकदमा 303 (2) तथा धोरीमन्ना थाने में घर में अनाधिकृत रूप से घुसकर महिला से छेड़छाड़ व लज्जा भंग का प्रकरण 74,331 (4) में दर्ज किया गया। बाड़मेर एसपी नरेंद्रसिंह मीना के अनुसार जिले में एक जुलाई को बीएनएस में कुल तीन केस दर्ज हुए हैं।
Updated on:
24 Oct 2024 05:28 pm
Published on:
02 Jul 2024 12:49 pm
बड़ी खबरें
View Allबाड़मेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
