15 जनवरी 2026,

गुरुवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

होम

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बैलगाड़ी से कलेक्टोरेट पहुंचे सांसद-विधायक, गेट पर चढ़े

भाजपा ने घंटा बजाकर किया कमलनाथ सरकार का विरोध

2 min read
Google source verification
Narmada Bachao Andolan News Barwani,BJP's performance news barwani

Narmada Bachao Andolan News Barwani,BJP's performance news barwani

बड़वानी. बैलगाड़ी हांकते सांसद, विधायक, पूर्व मंत्री, ढोल-मंजीरे, थाली, घंटी बजाते पदाधिकारी, कार्यकर्ता, वाहनों में सवार नारे लगाते कार्यकर्ता, यह देख हर कोई रुक गया। भाजपा द्वारा मप्र सरकार के विरोध में मप्र बचाओ, कांग्रेस भगाओ, घंटानाद आंदोलन में ऐसा नजारा देखा गया। भाजपा जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों ने कलेक्टर कार्यालय परिसर में घुसने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने जाने नहीं दिया। कलेक्टोरेट के गेट पर चढ़कर सांसद गजेंद्र पटेल, विधायक प्रेमसिंह पटेल ने विरोध दर्ज कराया। बाद में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं ने अपनी गिरफ्तारी भी दी। भाजपा ने जिला मुख्यालय पर बुधवार को घंटानाद आंदोलन के तहत रैली निकाली। भाजपा कार्यालय से आरंभ हुई रैली में सांसद गजेंद्र पटेल, विधायक प्रेमसिंह पटेल, पूर्व मंत्री अंतरसिंह आर्य सहित अन्य पदाधिकारी बैलगाडिय़ों में सवार होकर चल रहे थे। कांगे्रस सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर कार्यकर्ता ढोल-मंजीरे, घंटा, घडिय़ाल बजाते रहे। भाजपा कार्यालय से आरंभ हुई रैली बस स्टैंड, कोर्ट चौराहा, कारंजा, अंजड़ नाका, ओलंपिक सर्कल होते हुए आजाक थाने तक पहुंची। यहां से एक पैदल रैली के रूप में भाजपा जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, कार्यकर्ता कलेक्टोरेट गेट तक पहुंचे और कार्यालय परिसर में घुसने की कोशिश की।

गेट पर चढ़कर नारे लगाते रहे सांसद
यहां पुलिस द्वारा पहले ही कलेक्टोरेट का गेट लगा दिया गया था। कार्यकर्ताओं ने गेट को धक्का देकर खुलवाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने गेट नहीं खोला। इसके बाद सांसद गजेंद्र पटेल गेट पर चढ़ गए और नारे लगाने लगे। सांसद को देख विधायक प्रेमसिंह पटेल भी गेट पर चढ़े, लेकिन कुछ ही देर में नीचे उतर गए। वहीं, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य ओम सोनी ने भी गेट पर चढऩे की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें धक्का देकर नीचे उतार दिया। इस दौरान कलेक्टर अमित तोमर, एसपी डीआर तेनीवार, एडीएम रेखा पंकज राठौर, एएसपी सुनीता रावत भी मौके पर पहुंचे। सांसद और भाजपा जिलाध्यक्ष ओम खंडेलवाल ने उनसे चर्चा की ओर गेट खुलवाने को कहा।

गिरफ्तार कर जमानत पर छोड़ा
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा हम घेराव करने आए हैं, या तो घेराव करने दिया जाए या हमारी गिरफ्तारी की जाए। एसपी ने उन्हें गिरफ्तारी देने को कहा। यहां सांसद, विधायक, पूर्व मंत्री सहित 200 से अधिक लोगों ने प्रतिबंधात्मक धारा 151 के तहत गिरफ्तारी दी। बाद में एसडीएम न्यायालय ने सभी को जमानत पर छोड़ा। कार्यक्रम में अंतर पटेल, मोहन गोले, कन्हैया सिसोदिया, जिला महामंत्री अजय यादव, त्रिलोक मालवीय, श्याम बरड़े, जिला उपाध्यक्ष श्यामसुंदर अग्रवाल, हीरा यादव, सुखदेव यादव, गोविंद पाटीदार, अंजना पटेल, बलवंत पटेल, भागीरथ पाटीदार, जगदीश धनगर, सचिन पुरोहित, पन्नालाल मोगरे, हुकुम पवार सहित हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।