
20 जुलाई को स्टूडेंट्स को मिलेगी लैपटॉप की राशि, 1.50 लाख रुपए की स्कूटी भी मिलेगी
बड़वानी. कक्षा 12 में 75 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले स्टूडेंट्स को 20 जुलाई को लैपटॉप की राशि प्रदान की जाएगी, ताकि वे अपनी पसंद से लैपटॉप खरीद सकें, इसी के साथ जिन स्टूडेंट्स ने विद्यालय स्तर पर टॉप किया है, उन्हें स्कूटी दी जाएगी, ई-स्कूटी के लिए स्टूडेंट्स का चयन हो चुका है, लेकिन कब दी जाएगी, इसकी तारीख अभी घोषित नहीं की है।
हायर सेकंडरी की कक्षा 12 वीं में अपनी स्कूल में श्रेष्ठ रहने वाले जिले के 70 विद्यार्थी जल्द ही ई-स्कूटी पर नजर आएंगे। इन विद्यार्थियों को प्रदेश शासन द्वारा ई-स्कूटी के दी जाएगी। इसके मद्देनजर जिला स्तर से इनकी जानकारी उच्च स्तर पर भेज दी गई है। इन विद्यार्थियों के लाइसेंस बनाने की प्रक्रिया हो रही है। वहीं कक्षा 12 में 75 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों के खाते में पांच दिन बाद लेपटॉप की राशि हस्तांतरित होगी। एमपी बोर्ड के परिणाम में जिन विद्यार्थियों ने विद्यालय स्तर पर 12वीं कक्षा में प्रथम स्थान पाया है, प्रदेश सरकार ने उनको ई-स्कूटी देने की योजना प्रदेश में पहली बार अमल में लाई गई है। बड़वानी जिले में 66 से अधिक हायर सेकंडरी स्कूल है। इन स्कूलों में कक्षा 12 में श्रेष्ठ अंक लाकर अपने विद्यालय में प्रथम रहने वाले विद्यार्थियों का विभाग ने चयन ई-स्कूटी के लिए किया है।
उक्त विद्यार्थियों को स्कूल शिक्षा के बाद उच्च शिक्षा के लिए महाविद्यालय तक सुविधा से पहुंचाने तथा निर्भरता कम करने, उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने, आत्म-विश्वास जागृत करने के लिए 1 मार्च 2023 को एमपी बोर्ड स्कूटी योजना प्रारंभ की गई है। ई-स्कूटी की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपए बताई जा रही है। एमपी बोर्ड में स्कूटी वितरण कार्यक्रम की फिलहाल तिथि घोषित नहीं हुई है, लेकिन जल्द कार्यक्रम आयोजित किए जाने की बात कही जा रही है। जबकि प्राइवेट स्कूलों के विद्यार्थियों को इस योजना का लाभ नहीं दिया जाएगा।
जिला शिक्षा अधिकारी महेश कुमार निहाले ने बताया कि जिले के 630 ऐसे विद्यार्थी, जिन्होंने कक्षा 12 में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं, उनको लेपटॉप की राशि मिलना है। 20 जुलाई को भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में इन बच्चों के खाते में राशि हस्तांतरित होना है। जिले से एक छात्रा को इस कार्यक्रम में सहभागिता के लिए भेजा जाएगा।
Published on:
16 Jul 2023 05:17 pm
