
Police disclose murder
बड़वानी. पुलिस ने पलसूद थाना क्षेत्र में पिछले माह हुए एक अंधे कत्ल का खुलासा किया है। पुलिस ने हत्या के आरोपी दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने मामूली विवाद में पहले लठ और फिर पत्थरों से मार कर 50 वर्षीय करण पिता गणपत की हत्या कर दी थी। एसपी विजय खत्री ने मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को दस हजार रुपए इनाम देने की घोषणा की है।
खेत के पास एक अज्ञात व्यक्ति की लाश मिली थी
एसपी विजय खत्री ने मंगलवार को प्रेस वार्ता में बताया कि पलसूद थाना क्षेत्र में भीमा चारण के खेत के पास एक अज्ञात व्यक्ति की लाश मिली थी। मृतक को पत्थर से कुचल कर मारा गया था। ऐसे में उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई थी। पुलिस अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। इसके लिए एडिशनल एसपी टीएस बघेल के मार्गदर्शन और राजपुर एसडीओपी पदम सिंह बघेल के निर्देशन में टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान मृतक की शिनाख्त सेंधवा के पास स्थिति गांव कुंजरी निवासी करण पिता गणपत के रूप में हुई। जांच में यह बात भी सामने आई कि घटना वाली रात को ग्राम निहाली पांजरिया फलिया में दो व्यक्तियों ने एक घर में मुर्गा बनाकर खाया था। पुलिस ने इन दोनों को तलाश किया और पूछताछ की तो दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
घबराकर कुचला पत्थरों से
एसपी ने बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपी ग्राम मंदिल पटेल फलिया निवासी 50 वर्षीय डेबरा पिता मांगीलाल और इसी ग्राम के स्कूल फलिया निवासी 45 वर्षीय रावजी पिता ज्ञानसिंह भीलाला ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। दोनों ने बताया कि 22 फरवरी को करण और वह दोनों राजपुर से बैल लेकर महाराष्ट्र की ओर पैदल जा रहे थे। रास्ते में शराब भी पी । शराब के नशे में करण से विवाद हो गया था। इसी बात को लेकर पहले उसके सिर पर लठ मारा। जब वह गिरा तो घबरा गए और घबराकर पत्थरों से उसे मारा। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
ये भी पढ़े :
बैंक के अंदर से एक लाख का बैग गायब
सेंधवा. ठेकेदार को नगर के बैंक में बैग को नहीं संभालना महंगा पड़ गया। डिपोजिट स्लीप भरने के दौरान एक लाख रुपए से भरा बैग युवक ने बैंक के अंदर से चोरी हो गया। ठेकेदार ने पुलिस को सूचना दी। सीसीटीवी फुटेज में युवक बैग ले जाते दिख रहा है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक मैकेनिक नगर निवासी अरुण ज्योदी ने पुलिस को बताया कि मंगलवार को मजदूरों को भुगतान करने के लिए एक लाख रुपए लेकर मोतीबाग चौक स्थित बैंक ऑफ इंडिया पहुंचे। दोपहर करीब 12 बजे बैंक के काउंटर पर बैग रखकर डिपोजिट स्लीप लेने गए। आकर देखा तो बैग गायब था। बैग में एक लाख रुपए रखे थे। इसके चोरी होने की जानकारी बैंक स्टाफ को दी। सभी ने चोर को तलाशा, लेकिन वह नहीं दिखा। इसके बाद बैंक का सीसीटीवी फुटेज देखा, तो उसमें युवक बैग ले जाते दिख रहा है। इसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई। पीडि़त अरुण ने पुलिस थाने जाकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
Published on:
21 Mar 2018 11:04 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
