बस्सी (देवगांव)ञ्च पत्रिका. कृषि और उद्यानिकी नवाचारों में विशेष पहचान स्थापित कर चुके बस्सी उपखंड क्षेत्र के ढिंढोल स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस अनार उत्कृष्टता केंद्र का गुरुवार को इजराइल के कृषि वैज्ञानिक यायर एशेल ने दौरा किया। इंडो-इजरायल कार्यक्रम के तहत इजराइल से आए कृषि वैज्ञानिक एशेल ने उद्यानिकी फसलों की तकनीकी जानकारियों का आदान प्रदान किया।
कृषि वैज्ञानिक ने अनार में कटिंग एवं प्रुनिंग की जानकारी दी एवं सब्जियों की नर्सरी करने के तरीकों की सराहना की। सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के भ्रमण एवं निरीक्षण के दौरान सीओई के कृषि अधिकारी पवन यादव, अनिता पारीक, सहायक कृषि अधिकारी रामजीवन मीना, कृषि पर्यवेक्षक डालु राम महावर ने समस्त जानकारी दी।
क्षेत्रीय सहायक कृषि अधिकारी उद्यान बस्सी रवि कुमार मीणा ने कृषि वैज्ञानिक को ग्राम रतनपुरा के कृषक दिलराज मीणा के खेतों और पोली हाउस का भ्रमण करवाया। इजराइल के कृषि वैज्ञानिक पॉलीहाउस में उत्पादन की जा रही कलर कैप्सिकम से बेहद प्रभावित नजर आए। क्षेत्रीय सहायक कृषि अधिकारी ने कृषि वैज्ञानिक को सामुदायिक जल स्त्रोत, ड्रिप, मलचिंग एवं लो-टनल पर उद्यान विभाग द्वारा देय अनुदान एवं अन्य विभागीय कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी गई।