
BSNL बीएसएनएल सेवाएं ठप, ग्रामीण उपभोक्ता परेशान
बस्सी/देवगांव . उपतहसील तूंगा सहित आसपास के क्षेत्र में पिछले कई दिनों से भारत संचार निगम लिमिटेड की इंटरनेट सेवाएं खस्ता हाल हैं। इससे सैकड़ों उपभोक्ताओं समेत हजारों अन्य लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पिछले कुछ दिनों से यहां क्षेत्र में बीएसएनएल नेटवर्क ठप सा पड़ा हुआ है। इसने क्षेत्र के उपभोक्ताओं को परेशानी में डाल दिया है। नेटवर्क नहीं होने से जहां लैंडलाइन फोन डेड हो गए हैं, वहीं बैंकों और साइबर कैफे का भी काम रुक सा गया है। शिकायत के बाद भी बीएसएनएल के स्थानीय अधिकारियों द्वारा समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। यही समस्या मोबाइल फोन के नेटवर्क पर भी है। आवाज साफ न होना, बात करते-करते फोन कट जाना... आम बात हो गई है। बीएसएनएल के कर्मचारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि बीएसएनएल की खराब माली हालत के चलते 2 से 3 महीनों का वेतन कार्मिकों को नहीं मिला है। वहीं यहां बिजली का बिल जमा नहीं होने से विद्युत विभाग द्वारा बीएसएनल टावर का कनेक्शन काट दिया गया था, जो आज ही वापस 1 महीने का बिल जमा कराने पर दुरुस्त हुआ है।
बैंक और व्यापारियों को काम प्रभावित
बीएसएनएल द्वारा ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा प्रदान करने के लिए दूर संचार केन्द्रों की स्थापना तो कर दी गई है, लेकिन इन केन्द्रों की बदहाली ने नेटवर्क नहीं मिलने की समस्या को स्थाई बना दिया है। कभी नेटवर्क ना मिलना, तो कभी काल के दौरान कर्कश आवाज, उपभोक्ताओं को लगातार परेशानी में डाल रही हैं। नेटवर्क की समस्या के चलते यहां आए दिन बैंकों में काम ठप हो जाता है। दिनभर लाइन लगाए ग्राहकों को बिना लेनदेन के ही वापस लौटना पड़ता है। इससे व्यापारियों के व्यापार पर भी बुरा असर पड़ रहा है। ऑनलाइन फार्म भरने वाले विद्यार्थी भी दिन भर नेटवर्र्क का इंतजार कर रहे हैं।
किसानों को हो रही खासी परेशानी
वर्तमान में सहकारी समिति द्वारा किसानों को ऋण वितरण का कार्य किया जा रहा है। तुंगा सहकारी समिति में बीएसएनएल का नेटवर्र्क बाधित रहने से पिछले 5 दिनों से सैकड़ों किसानों और सहकारी समिति के कार्मिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इनका कहना है
बीएसएनएल सेवा के बाधित रहने से वर्तमान में चल रहे ऋण वितरण कार्य में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों को कई घंटे इंतजार करना पड़ रहा है। नेटवर्क के बारे में रहने से कार्मिकों के सामने परेशानी खड़ी हो रखी है।
- सी.के. बंसल, प्रबंधक, दी राजस्थान को-ऑपरेटिव लिमिटेड बैंक, शाखा तूंगा
बिजली के बिलों के भुगतान नहीं होने से विद्युत विभाग ने बीएसएनल टावर का कनेक्शन काट दिया था। इसके चलते नेटवर्क प्रभावित हुआ।
श्रीनारायण माहेश्वरी, उपमंडल अभियंता, बस्सी
Published on:
13 Sept 2019 07:08 pm
बड़ी खबरें
View Allबस्सी
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
