
डेंगू ने ली एक युवक की जान बस्सी ब्लॉक में तीसरी मौत, ग्रामीणों ने की फोगिंग की मांग
इधर, देवगांव के आसपास के क्षेत्र में डेंगू पीडि़त भी घबराए हुए हैं। इससे पहले डेंगू से ब्लॉक में दो मौत हो चुकी हैं।
नहीं थम रहा डेंगू का कहर...
बांसखोह . क्षेत्र में डेंगू का कहर कम तो हुआ है, लेकिन पूरी तरह से थमा नहीं है। इस बीच ग्राम पंचायत उगावास के ग्राम धींगड़ का बास स्थित डालू पटेल की ढाणी निवासी दिलखुश मीना (18) पुत्र रमेशचंद मीना की डेंगू से मौत हो गई। उसे 5 दिन पूर्व बुखार चढ़ा हुआ था। बांसखोह सीएचसी में इलाज चल रहा था लेकिन तबीयत ज्यादा खराब होने पर परिजन उसे जयपुर ले गए। जहां शुक्रवार को युवक ने दम तोड़ दिया। मृतक की जांच में डेंगू की पुष्टि हुई है। मृतक आईटीआई की पढ़ाई कर रहा था। उल्लेखनीय है कि एक माह पूर्व भी टेकचंदपुरा में बुखार से पीडि़त युवक की मौत हो गई थी। इधर, बांसखोह सीएचसी में भी जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। मृतक के परिवार के सदस्य भरतलाल मीना ने बताया कि दिलखुश बुखार चढऩे से 3-4 दिन पहले जगतपुरा गया था। तबीयत खराब होने पर गांव आ गया। यहीं से फिर अस्पताल में इलाज कराया।
बरतें सावधानी...
बांसखोह सीएचसी प्रभारी डॉ. रीतेश पाण्डे ने बताया कि सर्दी की शुरुआत के साथ डेंगू और बुखार के मरीजों में कमी आई है। फिर भी मरीज को सावधानी बरतनी चाहिए। बुखार चढऩे पर तुरन्त अस्पताल में जाकर इलाज लेना चाहिए। मच्छर नहीं पनपे इसके लिए घरों या आसपास पानी नहीं भरा रहे। बुखार के मरीज को 7 से 15 दिन तक आराम करना चाहिए। खान-पान पर भी विशेष ध्यान रखते हुए पौष्टिक आहार लेना है। डेंगू पीडि़त की मौत की जानकारी एएनएम से मिली है। उसके परिवार या आसपास में बुखार के मरीज नहीं हैं। रविवार को मौके पर टीम जाएगी और सर्वे के साथ फोगिंग करेगी।
वायरल, जुखाम और खांसी के मरीज ज्यादा...
देवगांव . मौसम बदलाव के चलते देवगांव, कचौलिया, मनोहरपुरा, फालियावास में बीमारियों का प्रकोप बढ़ रहा है। यहां वायरल बुखार, जुखाम और खांसी से पीडि़त मरीजों की संख्या ज्यादा है। ग्रामीण चिकित्सा विभाग पर समय पर नहीं चेतने का आरोप लगा रहे हैं। ग्राम पंचायत कचौलिया में घर-घर में लोग वायरल बुखार, जुकाम और खांसी से परेशान हैं। तापमान में उतार-चढ़ाव से वायरल पीडि़तों की संख्या बढ़ती जा रही है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदारों पर रोष व्यक्त करते हुए ग्रामीणों का कहना है कि पिछले दिनों फोगिंग के नाम पर गाड़ी कुछ मिनटों के लिए आई और चली गई। क्षेत्र में फोगिंग करवाने की मांग की है।
इनका कहना है...
क्षेत्र में बुखार का प्रकोप पहले से कम हुआ है। डेंगू पीडि़त मृतक जयपुर रहकर पढ़ाई कर रहा था। जयपुर से ही डेंगू की चपेट में आया है। फिर भी चिकित्सा टीम मौके पर जानकारी लेगी।.... -डॉ. सौरभ आर्य, बीसीएमएचओ
Published on:
24 Nov 2019 08:13 pm
बड़ी खबरें
View Allबस्सी
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
