
शाहपुरा सीएचसी में भर्ती घायल
पड़ौसी के बेटे के जन्मदिन की खुशियों में शरीक होने गया था, बाइक तीन सडक़ हादसों में एक की मौत, चार घायल,
तीन जने जयपुर रैफर
शाहपुरा। एनएच-8 सिक्सलेन में तब्दील होने के बावजूद सडक़ हादसे कम होने का नाम नहीं ले रहे। एनएच-8 पर बीते 16 घंटे में अलग-अलग जगह हुए तीन सडक़ हादसों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार जने गंभीर रुप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को शाहपुरा सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर तीन जनों को जयपुर रैफर कर दिया। वहीं मृतक के शव का सीएचसी में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द किया। थाने के सहायक उपनिरीक्षक जगदीश प्रधान ने बताया कि भाबरू निवासी मृतक 27 वर्षीय हरफूल योगी है। हरफूल दोपहर में अपने पड़ौसी छोटूराम योगी के साथ बाइक से शाहपुरा से गांव भाबरू जा रहे थे। हाईवे पर मिलन होटल के पास पहुंचने पर अचानक बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसे में दोनों गंभीर रुप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को शाहपुरा सीएचसी में पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने हरफूल योगी को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर हालत होने पर घायल छोटूराम उर्फ सुनिल को जयपुर रैफर कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द किया।
जन्म दिन की खुश्ी पर लेने गए थे केक, पसर गया मातम
जानकारी के मुताबिक घायल छोटूराम के बड़े भाई के पुत्र का शुक्रवार को जन्म दिवस था। इसलिए परिवार में खुशी का माहौल था। जन्मदिन की खुशी मनाने के लिए छोटूराम और उसका पड़ौसी हरफूल बाइक से शाहपुरा केक लेने गए थे। दोनों केक लेकर वापस घर जा रहे थे। इसी दौरान बाइक फिसलने से हादसा हो गया। जिससे खुशी की जगह मोहल्ले में मातम छा गया। हादसे में छोटूराम गंभीर रुप से घायल हो गया और हरफूल की मौत हो गई। हादसे की सूचना पर मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। हादसे के बाद से मृतक की पत्नी पिंकी और मां शांति देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। लोगों ने परिवारजनों को ढाढस बंधाया।
कार की टक्कर से चौकीदार गंभीर घायल
दूसरी घटना रीको के पास हुई। पुलिस ने बताया कि तालवा, बिहाजर निवासी भैंरुराम गुर्जर औद्योगिक क्षेत्र में चौकीदारी करता है। वह देर रात को हाईवे पर पैदल जा रहा था। तभी औद्योगिक क्षेत्र के मोड़ पर कार ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रुप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे शाहपुरा सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से चिकित्सकों ने जयपुर रैफर कर दिया। इधर, बीती रात ही खातोलाई पुलिया के पास बाइक फिसलने से बजरंगपुरा निवासी विक्रम गुर्जर और बियावास बिलवाड़ी निवासी हंसराज सैनी घायल हो गए। जिनमें से कस्बे के राजकीय अस्पताल से हंसराज को जयपुर रैफर कर दिया।
Published on:
10 Aug 2018, 9:18 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.