
शाहपुरा के रोडवेज आगार में विरोध प्रदर्शन कर पुतला जलाते रोडवेजकर्मी।
शाहपुरा (जयपुर)। सरकार की रोडवेज विरोधी नीतियों और 13 सूत्रीय मांगों को लेकर राजस्थान रोडवेज श्रमिक संगठनों के संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर आज शाहपुरा आगार के रोडवेज कर्मियों का गुस्सा फूट पड़ा। रोडवेज कर्मियों ने सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री का पुतला फूंका। साथ ही सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। विरोध प्रदर्शन में एटक, बीजेएमएम यूनियन के पदाधिकारी समेत शाहपुरा आगार के अन्य कर्मचारी भी शामिल हुए। यूनियन के पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार रोडवेज विरोधी नीतियां अपना रही है, जो बर्दास्त नहीं की जाएगी। यदि सरकार ने कर्मचारियों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो आंदोलन तेज किया जाएगा। रोडवेज कार्मिक लम्बे समय से मांग कर रहे हैं, इसके बावजूद ध्यान नहीं दिया जा रहा। इससे रोडवेज कार्मिकों में रोष व्याप्त है। विरोध प्रदर्शन में एटक की शाहपुरा शाखा अध्यक्ष महावीर प्रसाद शर्मा, सचिव रामनारायण यादव, उपाध्यक्ष रामधन कसाणा, बीजेएमएम यूनियन के अध्यक्ष शक्तिसिंह, सचिव सुरेश यादव, सुमेश कुमार, मोहन योगी, रहमान खां, सीताराम जांगिड़, आलोक नारायण समेत कई दोनों यूनियनों के पदाधिकारी व आगार के कई कर्मचारी शामिल हुए। कर्मचारियों ने दोपहर करीब 12.30 बजे यहां आगार परिसर में करीब आधा घंटे तक विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद पुतला जलाया गया।
रोडवेज को एक हजार नई बसें दी जाए
एटक अध्यक्ष ने कहा कि रोडवेज को एक हजार नई बसें देने, अवैध बसों के संचालन के खिलाफ लगातार कार्रवाई करने, लोक परिवहन बसों का संचालन रोडवेज बस स्टैण्ड से करीब 2 से 5 किमी दूर से करने, एजेंसियों के माध्यम से अनुबंध पर रखे गए चालकों को 18 हजार रुपए प्रतिमाह वेतन देने, न्यायालय निर्णय के अन्तर्गत संशोधित चयन सूची से बाहर हुए 552 परिचालकों को यथावत रखने, कर्मचारियों की सेवानिवृति परिलाभ का भुगतान करने, महंगाई व भत्ते का बकाया भुगतान करने, बोनस देने समेत 13 सूत्रीय मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है।
25 व 26 जुलाई को करेंगे प्रदेशव्यापी हड़ताल
आंदोलनरत यूनियन के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि सरकार ने रोडवेज कर्मचारियों की मांगे नहीं मानी तो संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर 23 व 24 जुलाई को प्रदेश के सभी रोडवेज आगारों में कर्मचारी धरना देंगे। इसके बाद 25 व 26 जुलाई को प्रदेशव्यापी हड़ताल की जाएगी।
विरोध के बावजूद बसों का संचालन यथावत
यात्रियों की परेशानी को देखते हुए यहां आगार परिसर में रोडवेज कार्मिकों के विरोध प्रदर्शन के बावजूद आगार की बसों का संचालन यथावत रहा। जिन कर्मचारियों की ड्यूटी थी, वे बसों की रवानगी तक विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। बाद में समय होते ही बसों को लेकर रवाना हो गए।
Published on:
19 Jul 2018, 6:43 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.