
चौमूं के अणतपुरा चिमनपुरा में खेत में ट्रैक्टर से बुवाई करता किसान।
जयपुर ग्रामीण क्षेत्र में बारिश के चलते खेतों में वापस से रौनक लौट आई है। खुशी की बात यह है कि जयपुर ग्रामीण परिक्षेत्र में गुरुवार तक 75 फीसदी खरीफ फसल की बुवाई हो चुकी है। हालांकि कृषि विभाग की ओर से बुवाई का निर्धारित किया लक्ष्य अभी 25 फीसदी दूर है, लेकिन लगातार हो रही बारिश से दो-तीन दिन में बुवाई का लक्ष्य पूरा होने की संभावना है। किसान बढिया पैदावार की उम्मीद लिए बुवाई को लेकर खेतों में जुटे हुए हैं। जयपुर एवं ग्रामीण में कृषि विभाग ने 3 लाख 44 हजार 80 हैक्टेयर में बुवाई का लक्ष्य निर्धारित किया था। जिसमें से अब तक 2 लाख 58 हजार 136 हैक्टेयर में बुवाई हो चुकी है, लेकिन अभी 85 हजार 944 हैक्टेयर में बुवाई होना शेष है। कृषि अधिकारियों की मानें तो बुवाई का समय 15 जून से 15 जुलाई तक है। जयपुर एवं ग्रामीण परिक्षेत्र के कृषि विस्तार झोटवाड़ा, सांगानेर, शाहपुरा और जोबनेर परिक्षेत्र में पिछले सप्ताह से बारिश का दौर जारी है। किसानों का कहना है कि इस बार मानसून की बारिश से खेतों में खरीफ फसल का अच्छा उत्पादन होने की उम्मीद है।
किसानों में खुशी
चौमूं उपखंड में पिछले साल की तुलना में 1 जुलाई तक बारिश नाकाफी थी। इससे क्षेत्र के किसानों को बुवाई का इंतजार पड़ा है, लेकिन अब हो रही बारिश से किसानों में खुशी है। चौमूं उपखंड में 43 हजार 257 हैक्टेयर में बुवाई का कृषि विभाग ने लक्ष्य तय किया है। गुरुवार तक 32 हजार 194 हैक्टेयर में बुवाई हो चुकी है। कृषि अधिकारी सुमन यादव ने बताया कि अब क्षेत्र में बारिश अच्छी हो रही है। इससे तीन-चार दिन में बुवाई का लक्ष्य पूरा हो जाएगा। इधर, परिक्षेत्र में 10 दिन पहले हल्की बारिश में कई जगह किसानों ने बुवाई कर दी थी। पर्याप्त बारिश नहीं होने से किसान बीज अंकुरित होने को लेकर चिंतित थे, लेकिन अब बारिश से बीज अंकुरित होने लगे हैं।
86.62 फीसदी बुवाई
झोटवाड़ा कृषि विस्तार में परिक्षेत्र के चौमूं, जयपुर, कालवाड़, आमेर परिक्षेत्र में 86.62 फीसदी बुवाई हो चुकी है। यहां 92 हजार 714 हैक्टेयर में बुवाई का लक्ष्य निर्धारित किया था। जिसमें से 80 हजार 300 हैक्टेयर में बुवाई हो चुकी है। लक्ष्य की तुलना में अभी 14 फीसदी कम है।
जयपुर व ग्रामीण में बुवाई व लक्ष्य
कृषि विस्तार : लक्ष्य: बुवाई
झोटवाड़ा 92714 80300
सांगानेर 101388 63226
शाहपुरा 56836 37874
जोबनेर 93112 76706
इनका कहना है….
क्षेत्र में बारिश का दौर जारी है। किसान बुवाई में जुटे हैं। परिक्षेत्र में गुरुवार तक 86.62 फीसदी बुवाई हो चुकी है। जयपुर एवं जयपुर ग्रामीण की बात की जाए तो 75 फीसदी बुवाई हो गई है। जून में बुवाई के लिए पर्याप्त बारिश नहीं होने से किसान चिंतित थे, लेकिन किसान खुश हैं।
लक्ष्मी यादव, सहायक निदेशक, कृषि विस्तार झोटवाड़ा
Published on:
06 Jul 2024 10:38 pm
बड़ी खबरें
View Allबस्सी
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
