बस्सी/बड़वा। जयपुर-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर जटवाड़ा पुलिस चौकी के समीप गोठड़ा कट पर शनिवार सुबह साढ़े 9 बजे मथुरा से हाईवे के गोठड़ा पेट्रोल पंप के लिए सीएनजी गैस ला रहे एक टैंकर के सिलेण्डर की नली खुलने से गैस का रिसाव हो गया। खबर फैलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कम्प मच गया। चालक ने समय रहते सिलेण्डर के वॉल्व को बंद कर दिया जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
इधर, टैंकर के सिलेण्डर से गैस रिसाव होने की सूचना पर जटवाड़ा चौकी पुलिस, बस्सी थाना प्रभारी, सहायक पुलिस आयुक्त भी मौके पर पहुंच गए और करीब आधा घंटे तक हाईवे पर यातायात बंद कर दिया। बाद में टैंकर को पेट्रोल पम्प पर भेजकर यातायात सुचारू कराया गया। जटवाड़ा पुलिस चौकी प्रभारी मोहन लाल मीना ने बताया कि शनिवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे मथुरा की ओर से गोठड़ा पेट्रोल पम्प के लिए एक टैंकर सीएनजी गैस लेकर आ रहा था।
इस दौरान पता नहीं कब टैंकर के सिलेण्डर की नली खुल गई, लेकिन गोठड़ा कट पर टैंकर के पीछे जा रहे एक वाहन सवार की नजर टैंकर के सिलेण्डर की खुली नली व गैस रिसाव पर नजर पड़ गई। इस वाहन चालक ने अपने वाहन को आगे लेकर टैंकर चालक को गैस रिसाव की जानकारी दी। जब टैंकर चालक ने टैंकर को रोक कर देखा तो सिलेण्डर की नली खुली हुई थी। चालक ने अपनी जान की परवाह किए बिना सिलेण्डर के वॉल्व को बंद किया। चालक ने बताया कि जहां से टैंकर को रवाना किया था, वहां पर अच्छी तरह वॉल्व देखे थे, लेकिन रास्ते में ब्रेकरों पर हिलने से सिलेण्डर की नली ढीली होकर निकल गई।
दोनों ओर से हाईवे पर बंद रखा यातायात
प्रदेश में गैस रिसाव व गैस के टैंकरों के पलटने या रिसाव से कई घटनाएं होने से बस्सी थाना पुलिस भी काफी सतर्क नजर आई। सीएनजी के टैंकर से गैस रिसाव की खबर मिलते ही पहले तो जटवाड़ा पुलिस चौकी प्रभारी मोहन लाल जाप्ते के साथ पहुंचे, इधर बस्सी थाना प्रभारी अभिजीत पाटिल व बस्सी सहायक पुलिस आयुक्त विनय कुमार भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस प्रशासन में हड़कम्प मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर हाईवे पर दोनों लेन का पूरा यातायात एक-एक किलोमीटर पहले ही रोक दिया। इस दौरान हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लम्बी कतार लग गई। इसके बाद टैंकर को सुरक्षित गोठड़ा पेट्रोल पम्प पहुंचाया और उसके बाद यातायात सुचारू कराया।
पहले सूचना गैस के टैंकर पलटने की आई
जटवाड़ा पुलिस चौकी प्रभारी ने बताया कि उनके पास पहले हाईवे पर गोठड़ा कट पर एक टैंकर पलटने की सूचना मिली। मौके पर जाकर देखा तो टैंकर से गैस का रिसाव हो रहा था। चौकी प्रभारी ने बताया कि टैंकर चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।