बस्सी.नगरपालिका क्षेत्र गुढ़ाचक की कई महिलाएं शुक्रवार दोपहर शहर के जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग कार्यालय पहुंची और पेयजल समस्या को लेकर नाराजगी जताई। महिलाओं ने कार्यालय के सामने जयपुर-गंगापुर स्टेट हाईवे जाम करने का प्रयास किया, लेकिन कुछ समय बाद उपखण्ड अधिकारी ओमप्रकाश मीना से मिलने कार्यालय चली गई। जहां आश्वासन मिलने के बाद शांतिपूर्वक घर लौट गई।
महिलाओं का आरोप है कि उनके गांव में जलदाय विभाग पानी के टैंकर भेजता है, लेकिन टैंकर आधे-अधूरे जाते हैं, जिससे पानी की पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो पाती है। विभाग ने घर-घर नल कनेक्शन तो कर दिए, लेकिन उच्च जलाशय (ऊंची टंकी) में पानी नहीं भरता, जिससे उनके घरों में पानी की सप्लाई नहीं हो रही है। महिलाओं ने बताया कि वे जलदाय कार्यालय आती है तो यहां से आश्वासन देकर भेज दिया जाता है। गांव में पानी की त्राही-त्राही मची हुई है। ऐसे में लोगों को पेयजल समस्या का सामना करना पड़ रहा है।(कासं)
जीएलआर टंकी से सप्लाई, नहीं मिला लाभ….
इन महिलाएं 14 मई को भी जन स्वास्थ्य अभियांंत्रिकी कार्यालय आकर विरोध प्रदर्शन किया था। इसके बाद 15 मई को विभाग ने उच्च जलाशय (ऊंची टंकी) में पानी भरने की बजाय जमीन स्तर की जीएलआर टंकी में पानी की सप्लाई कर भर दिया। जीएलआर से नल कनेक्शन नहीं जुड़े हुए हैं, इससे जीएलआर के आसपास के लोगों को पानी मिल गया, लेकिन पूरे गांव में पेयजल सप्लाई नहीं हो पाई। महिलाएं जब जलदाय कार्यालय आई तो अधिकारी नहीं मिले तो कर्मचारियों को खरीखोटी सुनाई। सुनवाई नहीं होने पर कार्यालय के सामने ही सड़क मार्ग जाम करने लग गई। कुछ महिलाओं ने कहा कि वे एक बार पहले एसडीएम से मिलकर समस्या बताए। इसके बाद पूरी महिलाएं जलदाय कार्यालय पहुुंच गई और पानी की सप्लाई की मांग करने लग गई।
एसडीएम ने सहायक अभियंता को मौके पर भेजा…
उपखण्ड अधिकारी ओमप्रकाश मीना ने बताया कि गुढ़ा चक की महिलाएं उनके कार्यालय आई थी और गांव में पानी की समस्या बता रही थी। महिलाओं की समस्या सुनकर जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के सहायक अभियंता नन्दकिशोर मीना को कार्यालय बुलाया। सहायक अभियंता को महिलाओं के साथ गुढ़ा चक भेजकर मौका देखकर रिपोर्ट के निर्देश जारी किए हैं। उपखण्ड अधिकारी ने कहा कि गुढ़ा की उच्च जलाशय (ऊंची टंकी) में पानी नहीं पहुंचेगा तब तक टैंकरों की संख्या बढ़ा देेंगे।