
सिपाही और खनन माफिया का ऑडियो वायरल, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
Basti: जिले में खनन माफियाओं और खाकी की जुगलबंदी का एक ऑडियो वायरल होने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। इस ऑडियो में कलवारी थाने का एक सिपाही खुलेआम खनन माफिया को बेफिक्र होकर खनन करने के लिए बोल रहा है। बात यही तक नही , सिपाही तो यह भी बोल रहा है की किसी से उसे डरने की जरूरत नहीं बस मेरा नाम बता देना। इस ऑडियो में खुलेआम खनन की जानकारी ऊपर तक होने की बात भी कही जा रही है।
ऑडियो के आधार पर कलवारी थाने के 3 पुलिसकर्मी सस्पेंड
यह प्रकरण संज्ञान में आते ही एसपी ने ऑडियो के आधार पर कलवारी थाने के तीन पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया। एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि कलवारी थाने पर तैनात मुख्य आरक्षी जगत नारायण यादव, आरक्षी राजेश यादव एवं बृजेश भारद्वाज को लाइन हाजिर कर दिया गया है। सीओ कलवारी आलोक प्रसाद को पूरे प्रकरण की जांच सौंपी गई है।
वायरल ऑडियो ने खोली पुलिस महकमे को पोल
कलवारी क्षेत्र में राम जानकी मार्ग से दक्षिण के सरयू नदी के तलहटी वाले गांवों से अवैध बालू खनन का मामला हमेशा सामने आता रहता है। इससे उस क्षेत्र के ग्रामीण भी त्रस्त रहते हैं और उच्चाधिकारियों तक शिकायत की जाती रही है। वायरल ऑडियो ने पुलिस और अवैध खनन के ठेकेदारों की पोल खोल कर रख दी।
थानाध्यक्ष बोले...अवैध खनन रुकने से यह पुराना ऑडियो हुआ वायरल
कलवारी के थानाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने वायरल ऑडियो से पल्ला झाड़ लिया है। उनका कहना है कि यह ऑडियो उनके थाने पर आने से पहले का है। एसओ ने बताया कि तीनों पुलिसकर्मियों की शिकायत मिलने पर लगभग डेढ़ माह पहले ही उनकी बीट अलग-अलग बदल दी गई थी। तब से अवैध खनन नहीं हो रहा है। ऑडियो के बारे में बताया कि अवैध बालू खनन रुकने के कारण ही अब इसको वायरल किया जा रहा है।
Published on:
17 Oct 2023 10:40 pm

बड़ी खबरें
View Allबस्ती
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
