
ट्रेलर से जा टकराई बस और यात्रियों को पता भी नहीं चला
खरवा (अजमेर).
राष्ट्रीय राजमार्ग आठ पर रानीसागर के पास रविवार सुबह साढ़े 9 बजे ब्यावर की ओर से अहमदाबाद से आ रही रही वीडियोकोच बस सामने चल रहे ट्रेलर से जा टकराई। दुर्घटना में बस का आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया तथा चालक व खलासी के मामूली चोटें आईं।
बस अहमदाबाद से जयपुर जा रही थी। बस में अधिकतर यात्री अहमदाबाद के थे, जो जयपुर जा रहे थे। बस का आगे का हिस्सा टकराने से बस में सवार लोगों को दुर्घटना का पता ही नहीं चला। दुर्घटना के बाद मौके पर जमा हुए लोगों ने बस का गेट खोलकर यात्रियों को चालक की सीट के रास्ते से निकाला।
बाद में बस के खलासी आदि ने पीछे की फाटक को खोलकर बच्चों व महिलाओं को बाहर निकाला। जयपुर जाने वाले यात्रियों को घटना स्थल पर पहुंची अन्य बस में सवार कर दिया गया।
इस दौरान सड़क मार्ग से गुजर रहे दीपक दाधीच, भंवर नामा, सतवीर सिंह चांदा ने यात्रियों की मदद की। दुर्घटना के बाद मौके पर न हाइवे गश्त वाहन पहुंचा और न पुलिस ही पहुंची।
यात्रियों ने मांगी मदद
दुर्घटना के बाद यात्री बस से उतरकर सड़क के किनारे खड़े हो गए। इस दौरान कई यात्री अजमेर व पास में ही जाने वाले थे। यात्रियों ने सड़क से गुजर रहे अन्य वाहनों को हाथ देकर मदद के लिए रुकवाना चाहा पर तब तक अन्य वीडियोकोच बस ब्यावर की ओर से आई, जिससे यात्री सवार हो गए।
Published on:
24 Jun 2019, 6:10 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.