
फोटो: पत्रिका
LPG Gas Cylinder Supply ब्यावर जिले में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और दुरुपयोग रोकने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। इस संबंध में गुरुवार को जिला कलक्टर कमलराम मीणा की अध्यक्षता में जिला कलक्ट्रेट सभागार में सभी गैस एजेंसी संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एलपीजी की आमद, स्टॉक, बुकिंग और आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की गई।
ठक में एजेंसी संचालकों ने बताया कि वर्तमान में जिले में गैस सिलेंडर बुकिंग के अनुसार दो से तीन दिन का बैकलॉग है, जबकि एजेंसियों पर घरेलू गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। गैस कंपनियों की ओर से भी नियमित और पर्याप्त आपूर्ति मिल रही है, इसलिए जिले में किसी प्रकार की कमी नहीं है।
जिला कलक्टर ने एजेंसी संचालकों को निर्देश दिए कि पेट्रोलियम कंपनियों और राज्य सरकार की गाइडलाइन की पूरी तरह पालना सुनिश्चित की जाए। उपभोक्ताओं को गैस बुकिंग के बाद एफआईएफओ (फर्स्ट इन फर्स्ट आउट) प्रणाली के अनुसार प्राथमिकता से होम डिलीवरी दी जाए। जिन उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी शेष है, उनकी प्रक्रिया भी जल्द पूरी कराई जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्थिति में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी नहीं होनी चाहिए और घरेलू गैस सिलेंडरों का वाणिज्यिक उपयोग सख्ती से रोका जाए। साथ ही गैस सिलेंडरों का भंडारण केवल निर्धारित गोदाम स्थल पर ही किया जाए। अन्य स्थानों पर भंडारण पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
कलक्टर ने बताया कि गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग और कालाबाजारी की जांच के लिए जिले में विजिलेंस जांच दल का गठन किया जाएगा। एजेंसियों से प्रतिदिन स्टॉक की जानकारी भी ली जाएगी। वर्तमान व्यवस्था के अनुसार सिलेंडर की आपूर्ति के 25 दिन बाद अगली बुकिंग पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर ब्रह्मलाल जाट, जिला परिषद सीईओ गोपाल मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र कुमार, जिला रसद अधिकारी अब्दुल सादिक मौजूद रहे।
Updated on:
13 Mar 2026 10:49 am
Published on:
13 Mar 2026 10:49 am
