
Latest Beawar News: ब्यावर। प्रशासन की अनदेखी के चलते तालाब के भराव क्षेत्र में कॉलोनियां काट दी गई। इसके भूखंडों का बेचान कर दिया। इस बार लगातार हुई बरसात के कारण आवक अच्छी हुई तो पानी ने व्यवस्था की पोल खोल दी।
पानी के भराव क्षेत्र में बने मकान पानी में डूब गए। ऐसे में इन परिवारों को सुरक्षित ठौर की तलाश करनी पड़ी। हालांकि उपखंड प्रशासन ने नियमों के तहत ऐसी कॉलोनियों पर 177 के तहत कार्रवाई की थी। इसके बावजूद पानी भराव क्षेत्र में बने मकानों के कारण अब लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यह भी पढ़े: यही रहा हाल तो मिट जाएगा इसका नामों निशान
ऐसे ही हालात बिचडली तालाब के आव क्षेत्र में बने मकानों के हैं। शहर में पिछले दो दिन से हो रही बरसात के कारण तालाबों में पानी की आवक हुई है। इस बरसात के कारण गणेशपुरा-शिवनाथपुरा के तालाब में पानी की आवक हुई। तालाब के पानी भराव क्षेत्र में कॉलोनी काट दी। इसमें कुछ लोगों ने मकान भी बना दिए।
अब बरसात के बाद तालाब में पानी की आवक बढी तो इस काटी गई कॉलोनी तक पानी भर गया। इस कारण कुछ मकानों में पानी भर गया। बरसात के कारण लगातार पानी की आवक होने से वहां रह रहे लोगों की चिंता बढी। ऐसे में उन्हें आनन-फानन में मकान से सामान खाली कर दूसरे ठौर की तलाश कर रवाना होना पड़ा।
बरसात का दौर जारी रहा तो तालाब में पानी की आवक बढ़ेगी। जैसे-जैसे पानी का फैलाव होगा लोगों की परेशानियां बढ़ेगी। ऐसे में लोगों को अभी से ही इसकी चिंता सताने लगी है। गौरतलब है कि अवैध रूप से काटी गई इन कॉलोनियों पर पूर्व में तत्कालीन उपखंड अधिकारी राहुल जैन ने कार्रवाई की थी।
इनका कहना है…
अवैध रूप से काटी गई कॉलोनियों पर नियमानुसार कार्रवाई की है। इन पर कार्रवाई चल रही है।
गौरव बुढानियां, उपखंड अधिकारी
Updated on:
27 Aug 2024, 12:29 PM IST
Published on:
27 Aug 2024, 12:29 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.