
दोस्त की बारात जाने निकले थे, निर्माणाधीन पुलिया से नीचे गिरे, दो की मौत, एक गंभीर
बेमेतरा. नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम गाड़ामोर से बारात जाने निकले मोटर साइकिल सवार तीन लोग निर्माणाधीन पुलिया से 25-30 फीट नीचे गिर गए। इससे दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई और एक युवक सिम्स बिलासपुर में जीवन और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। घटना शनिवार की रात 8 बजे हुई। दोनों मृतकों के शव का रविवार को मुंगेली जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम किया गया। इसमें पुलिया निर्माण की कंपनी की लापरवाही सामने आ रही है।
नवागढ़ थाने के अनुसार लवसिंह बंजारे (35), सुरेश जांगड़े (37) व गैंदू पात्रे (30) सभी गाड़मोर के निवासी हैं। वे गांव के परिचित की बारात में शामिल होने अपनी मोटर साइकिल से ढोलाकांपा जा रहे थे। मोटर साइकिल लवसिंह चला रहा था। गांव से निकल कर गाड़ामोर और मानिकपुर के बीच ग्राम खपरी रोड के पास बन रही पुलिया से नीचे गिर गए।
मौके पर ही लवसिंह बंजारे व सुरेश जांगड़े की मौत हो गई व गैंदू पात्रे गंभीर रूप से घायल हो गया। गांव से दूसरे वाहन में बारात में शामिल होने पीछे से आ रहे लोगों ने उन्हें देखा, जिसके बाद घायल को संजीवनी वाहन से जिला हॉस्पिटल मुंगेली ले जाया गया, जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर रेफर कर दिया गया।
सूचना बोर्ड व बेरियर नहीं होने के कारण हुआ हादसा
ग्राम गाड़ामोर व मानिकपुर के बीच पुलिया निर्माणाधीन है। अधूरी बनी पुलिया में कोई सांकेतिक बोर्ड नहीं लगाया गया है। न ही पुलिया में किसी प्रकार का बेरियर लगाया गया है, जिससे लोगों को यह पता नहीं चलता है कि पुलिया का निर्माण जारी है। मोटर साइकिल से जा रहे तीनों लोगों को रात के अंधेरे में अधूरी पुलिया नहीं दिखी और मोटर साइकिल चालक ने अपना नियंत्रण खो दिया। तीनों पुलिया से नीचे गिर गए। नीचे पत्थरों में टकराने के बाद दो लोगों की मौत हो गई।
संकेतक लगाते तो बच सकती थी जान
नवागढ थाना क्षेत्र के तीन युवक बारात में शामिल होने बाइक से जा रहे थे तभी हादसे का शिकार हो गए है। परिजन सुनील बंजारे ने आरोप लगाया है निर्माणकर्ता कंपनी ने मौके पर किसी तरह का संकेतक बोर्ड नहीं लगाया था, जिससे रात में हादसा हो गया।
Published on:
06 May 2019 01:46 pm
बड़ी खबरें
View Allबेमेतरा
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
