
CG News: बेमेतरा जिले के नवागढ़ ब्लॉक अंतर्गत ग्राम टेमरी में आयोजित ओपन बोर्ड परीक्षा के दौरान फर्जीवाड़े का एक गंभीर मामला सामने आया है। गुरुवार को हाई स्कूल ओपन परीक्षा के सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा में एक युवक को दूसरे परीक्षार्थी के स्थान पर परीक्षा देते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। पकड़े गए युवक की पहचान आशीष कुमार के रूप में हुई है, जो अपने नाबालिग चचेरे भाई की जगह परीक्षा देने परीक्षा केंद्र पहुंचा था।
परीक्षा के दौरान कक्ष पर्यवेक्षक को प्रवेश पत्र में लगी फोटो और युवक के चेहरे में असमानता दिखाई दी, जिससे संदेह हुआ। इसके बाद तत्काल उच्च अधिकारियों को सूचना दी गई। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अवैध रूप से अपने भाई के स्थान पर परीक्षा दे रहा था।
मामले की जानकारी मिलते ही जिला शिक्षा अधिकारी जीआर चतुर्वेदी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। केंद्राध्यक्ष अजय कुमार दुबे और सहायक केंद्राध्यक्ष ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। बताया गया कि परीक्षा केंद्र में कुल 85 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था थी। इस घटना ने परीक्षा की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, हालांकि सतर्कता के चलते आरोपी पकड़ा गया।
नांदघाट थाना प्रभारी लेखराम ठाकुर ने बताया कि केंद्राध्यक्ष द्वारा लिखित शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले को विवेचना में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि युवक अपने भाई की मदद करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया था, लेकिन उसने यह नहीं सोचा कि इसका परिणाम कितना गंभीर हो सकता है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने भी इस घटना को गंभीरता से लेते हुए कहा है कि परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे। इस घटना ने परीक्षा प्रणाली की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, समय रहते प्रवेक्षक की सतर्कता के कारण यह मामला उजागर हो गया, जिससे आगे की संभावित गड़बड़ियों को रोका जा सका।
Published on:
04 Apr 2026 06:11 pm
बड़ी खबरें
View Allबेमेतरा
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
