6 अप्रैल 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मुख्यमंत्री ने दी बड़ी सौगात, शक्कर कारखाना, फूड पार्क दूध शीतलीकरण यूनिट के साथ खुलेगा उद्यानिकी कॉलेज

राज्य स्तरीय कृषि विकास एवं किसान कल्याण मेला : सुराजी ग्राम योजना शुरू, 20 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन

3 min read
Google source verification
Bemetara Patrika

मुख्यमंत्री ने दी बड़ी सौगात, शक्कर कारखाना, फूड पार्क दूध शीतलीकरण यूनिट के साथ खुलेगा उद्यानिकी कॉलेज

बेेमेतरा. जिले में शक्कर कारखाना, फूड पार्क और दूध शीतलीकरण यूनिट खुलेगी। इसके अलावा बेमेतरा में बायपास रोड बनेगी और उद्यानिकी महाविद्यालय भी जिले खोला जाएगा। ये बड़ी सौगातें मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कृषि उपज मंडी परिसर में चल रहे राज्य स्तरीय कृषि विकास एवं किसान कल्याण मेला में बेमेतरा जिले को दी। उन्होंने सुराजी गांव योजना की भी शुरूआत की। इसके तहत गांव को विकसित करते हुए किसानों को समृद्ध बनाने नरवा, गरूवा, घुरूवा अउ बाड़ी को परिभाषित किया। मुख्यमंत्री ने 100 बिस्तर मातृ-शिशु अस्पताल, 30 बिस्तर क्षमता का नेत्र चिकित्सालय, ग्राम खुड़मुड़ा में उपस्वास्थ्य केंद्र, बीज गोदाम, बालक छात्रावास सहित 18 करोड़ 65 लाख के कार्यों का लोकार्पण और 2 करोड़ 34 लाख के निर्माण कार्य का शिलान्यास भी किया। कार्यक्रम में योजना संबंधी एक पुस्तिका का विमोचन भी किया। मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के आदेश पर हमने शपथ ग्रहण करते ही किसानों का कर्जा माफ किया है।

गांव और किसानों की सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार गांव एवं किसानों की सरकार है। तीन चौथाई बहुमत से उनकी सरकार बनाने के लिए किसानों का आभार जताया। बेमेतरा जिले का सरकार बनाने में शत-प्रतिशत योगदान रहा। उन्होंने कहा कि गांव एवं किसानों की प्रगति के लिए सुराजी गांव योजना की शुरूआत की गई है। इसके तहत वर्षा के जल को संरक्षित करने नालों पर काम चेक डेम बनाने, गांव में किसानों के पशुधन के लिए गौठान व चारागाह बनाने की बात कही। जिसमें चरवाहा एवं पशुओं के लिए पानी व चारे की व्यवस्था की जाएगी।

स्मार्ट घुरुवा तको होथे मोहितराम हा बनाहे
मुख्यमंत्री ने जिले के अंधियारखोर किसान मोहित राम साहू के स्मार्ट घुरवा का जिक्र करते हुए कहा कि आज तक आप मन स्मार्ट लईका, स्मार्ट सिटी, स्मार्ट फोन सुने हव लेकिन स्मार्ट घुरुवा तको होते। किसान मोहितराम साहू स्मार्ट घुरवा से कम्पोस्ट खाद बनाकर उससे फसल की अच्छा पैदावारी ले रहा है। साथ ही वर्मी कम्पोस्ट खाद भी बेचकर लाभ कमा रहा है। उन्ही के स्मार्ट घुरवा के अनुसार सभी को कम्पोस्ट खाद बनाकर जैविक खेती करनी चाहिए। खनिज न्यास से मिलने वाली राशि को गांव में खर्च गांवों को विकसित किया जाएगा।

कृषि के लिए 22 हजार करोड़ का बजट-चौबे
कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने चुनाव से पहले किए गए जनघोषणा पत्र के अनुसार किसानों के 61 सौ करोड़ रुपए सहकारी बैंकों एवं लगभग 5 हजार करोड़ रुपए अन्य राष्ट्रीयकृत बैंकों की कर्ज माफी की गई है। साथ ही धान का सर्मथन मूल्य 2500 रुपए को किसानों की उन्नति में सहायक बताया। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार के 93 हजार करोड़ के बजट में 22 हजार करोड़ रुपए का बजट कृषि के लिए रखा गया जो यह बताता है कि यह सरकार किसानों की है।

दो माह में लिए 15 बड़े फैसले - ताम्रध्वज
गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने सरकार के 2 माह के कार्यकाल में कर्ज माफी, समर्थन मूल्य सहित 15 बड़े फैसले लेने की बात कही। पुलिस को आम लोगों की सुरक्षा एं अपराधियों में दहशत कायम करने पर काम करने की बात कही। नरवा, गरूवा, घुरूवा अउ बाड़ी की कल्पना को साकार करने सुराजी गांव योजना की शुरूआत बेमेतरा से हो रही है। यह बेमेतरा जिले के लिए सौभाग्य की बात है। सरकार की पहली प्राथमिकता गांव, गरीब एवं किसान है। बेमेतरा नगर के बहुप्रतीक्षित बायपास रोड की सौगात दी है।

किसानों की हितैषी सरकार- छाबड़ा
विधायक आशीष कुमार छाबड़ा ने कहा कि पहली बार राजधानी से बाहर राज्य स्तरीय मेला बेमेतरा में हो रहा है। यह कृषि प्रधान जिला है। इस कारण यहां कृषि आधारित उद्योग लगाने की मांग लोग करते रहे हैं। उन्होंने सरकार को किसानों का हितैषी बताया। उन्होंने बेमेतरा में शक्कर कारखाना, बायपास रोड, फूड प्रोसेसिंग यूनिट, उद्यानिकी महाविद्यालय खोलने की मांग रखी। विधायक छाबड़ा ने जिले की जरुरतों की ओर मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित किया। इसके साथ-साथ उन्होंने जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के बात कही।

सरकार की थीम की जानकारी दी
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का मेला स्थल पर किसानों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। कृषि उत्पादन आयुक्त केडीपी राव ने सरकार की थीम नरवा, गरूवा, घुरूवा अउ बाड़ी के बारे में जानकारी दी। राज्य स्तरीय मेरा को इसी कांसेप्ट पर करने की बात कही। इस अवसर पर विधायक नवागढ़ गुरुदयाल सिंह बंजारे एवं पंडरिया ममता चंद्रकार, जिला पंचायत अध्यक्ष कविता साहू, संभागायुक्त दुर्ग दिलीप वासनीकर, आईजी रतन लाल डांगी, सचिव कृषि हेमंत पहारे, कलक्टर महादेव कावरे, मंडी बोर्ड के प्रबंध संचालक जन्मेजय महोबे, इंदिरागांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर के कुलपति डॉ. एसके पाटिल, कामधेनु विश्वविद्यालय दुर्ग डॉ एपी दक्षिणाकर आदि मौजूद रहे।