
शिक्षक ने किया एक लाख का गबन, बोर्ड परीक्षा से वंचित होने वाले थे विद्यार्थी
बेमेतरा . साजा विकासखंड के ग्राम हाटरांका में संचालित लोकमान्य तिलक शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के शिक्षक ने एक लाख रुपए का गबन कर लिया। यह राशि बच्चों की बोर्ड परीक्षा फीस की थी। हाईस्कूल के शिक्षक राकेश सोनवानी के पास परीक्षा प्रभारी का दायित्व है।
बच्चों से बोर्ड परीक्षा की फीस वसूली की और छमाशिमं में जमा नहीं की राशि
परीक्षा प्रभारी राकेश कुमार सोनवानी ने छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर की बोर्ड परीक्षा 2018-19 का दसवीं एवं बारहवीं के विद्यार्थियों से परीक्षा फीस ली। परीक्षा फीस 80 हजार रुपए एवं पंजीयन शुल्क राशि 19560 रुपए मिलाकर कुल 99560 रुपए आज तक छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर में जमा नहीं किया था। जमा करने की अंतिम तारीख निकलने के बाद 320 छात्र-छात्राएं परीक्षा एवं नामांकन से वंचित हो जाते। प्राचार्य को इसकी जानकारी होने पर उन्होंने पैसों का इंतजाम किया और छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर में जमा किया।
न बुक मिली और न पैसा लौटाया
11वीं क्लास की छात्रा उमा साहू, रितु साहू, मोनिका साहू, मुस्कान तिवारी, मनीषा वर्मा, सावित्री वर्मा, अम्बा वर्मा, योगेश्वरी वर्मा से 350 रुपए और ममता साहू से 400 रुपए और दो छात्र पुन्नीलाल, दीपक साहू से 100 रुपए सभी से बुक लाने के लिए थे, लेकिन आज तक ना बुक मिली और ना पैसा वापस किया गया है।
गबन का आरोपी शिक्षक एक माह से स्कूल से है नदारद
शिक्षक राकेश सोनवानी के कारण आज हाटरांका एवं स्कूल बदनाम हो रहा है। शिक्षक पहले 6 माह तक विद्यालय से नदारद रहा। अभी करीब एक माह से गायब है। प्राचार्य उनके खिलाफ कार्रवाई करते तो आज यह स्थिति नहीं बनती।
मंडल से फोन आया, तब पता चला
इस संबंध में प्राचार्य बीएल भुआर्य ने कहा कि परीक्षा प्रभारी सोनवानी था। फीस कलेक्शन कर रखा था। हमें लगा कि उसने जमा कर दिया होगा, लेकिन जब छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर से फोन आया, तब मामले का पता चला। इसके बाद एक-दो दिन में पैसे की व्यवस्था कर जमा किया गया। अभी डाक के माध्यम से जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से पत्र आया है। मामले में एफआइआर होगी।
आरोपी का निलंबन तय
जिला पंचायत सीईओ सच्चिदानंद आलोक ने कहा कि जिला शिक्षा अधिकारी से जानकारी लेता हूं। यदि ऐसा है तो शिक्षक का निलंबन तय है।
Published on:
22 Jan 2019 07:15 am
बड़ी खबरें
View Allबेमेतरा
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
