
हरदा. साढ़े चार सौ रुपए में सिलेंडर मांगने के लिए एजेंसी पर पहुंच रहे हैं लोग।
हरदा. मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने रविवार को आयोजित हुए लाड़ली बहना योजना कार्यक्रम में प्रदेश की लाड़ली बहनों को सावन माह में 450 रुपए में गैस सिलेंडर देने की घोषणा की थी। वहीं हितग्राहियों के खाते में 650 रुपए की राशि डालने के बारे में कहा था। सरकार की इस घोषणा के बाद सोमवार से बड़ी संख्या में लोग शहर की गैस एजेंसियों पर उक्त राशि में गैस सिलेंडर लेने के लिए पहुंच रहे हैं। मंगलवार को भी लोगों ने एजेंसी संचालकों से रुबरु होकर सरकार की घोषणा के तहत सिलेंडर देने की मांग की। लेकिन एजेंसी संचालकों ने इस संबंध में कोई गाइडलाइन नहीं मिलने का बताकर लौटा दिया। अब सावन माह 30 अगस्त को रक्षाबंधन पर्व के साथ समाप्त हो जाएगा। ऐसे में हितग्राहियों को योजना का लाभ कैसे मिलेगा।
संचालकों ने कहा पूरे पैसे देने पर मिलेगा सिलेंडर
जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहनों को सावन माह का उपहार देने के लिए 450 रुपए में गैस सिलेंडर देने का ऐलान किया था। इसके लिए उनके खाते में 650 रुपए डालने की बात कही थी। ताकि उक्त राशि मिलने के बाद महिलाओं को 450 रुपए में सिलेंडर मिल सके। योजना का लाभ लेने के लिए गुरुवार को शहर की भारत गैस एजेंसी और श्री बालाजी गैस सर्विस पर सुबह से लोग घोषणा अनुसार सिलेंडर देने की मांग करने लगे। लेकिन गैस एजेंसी संचालकों ने उनके पास ४५० रुपए में सिलेंडर देने को लेकर कोई गाइडलाइन नहीं मिलने की बात कहते हुए समझाया। उन्होंने कहा कि अभी उन्हें 1125.50 रुपए देने पर ही सिलेंडर मिलेगा।
महीनों से रिफिल नहीं करवा रहे हैं उज्जवला योजना के सिलेंडर
शहर में भारत गैस एजेंसी के जिले में उज्जवला योजना के 8500 हितग्राही हैं। वहीं सामान्य उपभोक्ताओं की संख्या करीब 10 हजार है। इसी तरह एचपी गैस एजेंसी के उज्जवला के 3500 और सामान्य के लगभग 17 हजार हितग्राही हैं। जबकि जिले में लाड़ली बहना योजना के प्रथम चरण में चयनित की गईं हितग्राहियों की संख्या 90 हजार 892 है। बताया जाता है कि कई लोगों ने उज्जवला योजना अंतर्गत गैस कनेक्शन लिए थे, लेकिन इनमें से कुछ ही उपभोक्ता सिलेंडर रिफिल करा रहे हैं। मगर सरकार की सावन माह में 450 रुपए में गैस सिलेंडर देने की जानकारी लगते ही उज्जवला योजना के भी बड़ी संख्या में हितग्राही सिलेंडर लेने के लिए पहुंचे।
इनका कहना है
सरकार ने 450 रुपए में महिलाओं को सिलेंडर देने की घोषणा की है। लेकिन हमारे पास विभाग से कोई आर्डर नहीं आए हैं। पत्र मिलते ही जानकारी प्रसारित कर दी जाएगी।
अमृता भट्ट, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी, जिला खाद्य विभाग, हरदा
------------------------------------
शासन से हमारे पास 450 रुपए में हितग्राहियों को सिलेंडर देने के निर्देश नहीं मिले हैं। एजेंसी पर बड़ी संख्या में महिलाएं आ रही हैं, जिन्हें इस संबंध में समझाया जा रहा है। अभी उन्हें 1125.50 रुपए जमा करने पर ही सिलेंडर मिलेगा।
मननसिंह, संचालक, भारत गैस एजेंसी, हरदा
Published on:
29 Aug 2023, 10:33 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.