भदोही.कोरोना वायरस महामारी के काल में पहले जनता कर्फ्यू और उसके बाद लाॅकडाउन लगाया गया जो बेहद लम्बा खिंचा। इस दौरान संक्रमण से बचाव के मकसद से लोगों पर कई तरह की पाबंदियां कड़ाई से लागू की गई थीं। हालांकि इन पाबंदियों का लोगों ने पालन किया, लेकिन ऐसे लोगों की तादाद भी कम नहीं रही जिन्होंने पाबंदियों को ठेंगा दिखाते हुए मनमानी की। ऐसे लोगों से पुलिस भी सख्ती से निपटी। पूरे प्रदेश में ऐसी लापरवाही और मनमानी करने वालों के खिलाफ किस कदर कार्रवाई की गई, इसकी बानगी भदोही जिले में देखने को मिली, जहां केवल बिना मास्क के घर से निकलने के लिये 20 हजार लोगों का चालान काटा गया। इतना ही नहीं इन लोगों से 23 लाख 65 हजार रुपये भी वसूले गए।