28 जुलाई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

₹50 हजार के इनामिया 3 लुटेरों को पुलिस ने मुठभेड़ में पकड़ा, तीनों के पैर में लगी गोली, दर्ज हैं दर्जनों मुकदमे

भदोही पुलिस की बदमाशों संग मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ में ₹50000 के तीन बदमाश गिरफ्तार हुए हैं। तीनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है...
2 min read
Google source verification

भदोही: औराई पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हुई है, जिसमें 3 बदमाश पैर में गोली लगने की वजह से घायल हो गए हैं। गिरफ्तार किए गए तीनों बदमाशों के ऊपर ₹50000 का इनाम था। पुलिस को आरोपियों के पास से 3 तमंचे और कारतूस के साथ लूट के कुछ पैसे भी बरामद हुए हैं। बताया जा रहा है कि तीनों बदमाश शातिर किस्म के अपराधी हैं और लूट व छिनैति जैसी घटनाओं को अंजाम देते थे।

आरोपियों ने बुजुर्ग से की थी लूट

औराई पुलिस को सूचना मिली थी कि फरवरी महीने में बुजुर्ग व्यक्ति से 49000 रुपए छीनकर फरार हुए बदमाश एक सफेद रंग की कार में सवार होकर कोठारा बाईपास के पास आने वाले हैं। इसके बाद पुलिस और एसओजी टीम ने घेराबंदी की। घेराबंदी देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीनों बदमाशों के बाएं पैर में घुटने के नीचे गोली लगी, जिन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।

असलहा और कारतूस हुआ बरामद

एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि तीनों के ऊपर ₹50000 का इनाम है और उनके पास से 315 बोर का 3 तमंचा, 3 खोखा कारतूस और 5 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। इसके साथ ही बदमाशों के पास से ₹8000 नगद भी बरामद हुए हैं। एसपी के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान पकड़े गए बदमाशों ने बताया कि वह जनपद में किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। इसी दौरान उन्हें पकड़ लिया गया है।

दर्ज हैं एक दर्जन से अधिक मुकदमे

पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपी पंकज राव, सर्वेश सिंह और सकेलन कुशीनगर जनपद के रहने वाले हैं और उनके खिलाफ क्रमशः 28,13 और 17 मुकदमे दर्ज हैं। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि बिहार में भी कुछ मुकदमे आरोपियों के ऊपर दर्ज हैं। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जाएगी और उनके नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।