
कामां थाने के गांव पालड़ी निवासी एक 18 वर्षीय युवक की गांव कनवाड़ी में हुई मौत रहस्य बन गई। जहां पिता ने चोरी के शक में पुत्र की पीट-पीटकर हत्या कर दी। साथ ही कुछ ग्रामीणों का कहना है कि दुकान से चोरी कर भागते समय छत से गिरकर उसकी मौत हो गई। हालांकि एक पक्ष ने डीजे पर नाचते समय भी मौत की बात कही है। वहीं मृतक के परिजनों व ग्रामीणों ने सोमवार सुबह आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कस्बे के दिल्ली बाईपास चौराहा पर जाम लगा दिया। मृतक युवक रविवार रात गांव कनवाड़ी में लग्न सगाई समारोह में डीजे देखने गया हुआ था। मृतक के पिता ने गांव कनवाड़ी निवासी 10 जनों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कराया है।
मृतक युवक के पिता शाहिदा पुत्र सुराजुददीन मेव ने मामला दर्ज में बताया कि उसका 18 वर्षीय पुत्र साहिल मेव रविवार रात करीब 10 बजे कनवाड़ी गांव गया था। वहां पर किसी के यहां लगन सगाई का कार्यक्रम था। उसमें डीजे देखने के लिए साहिल गया था। वह देर रात को डीजे देखकर वापस अपने घर आ रहा था कि गांव कनवाड़ी निवासी दानी पुत्र लीला, गिरधारी पुत्र धम्मल, लाखन पुत्र नरेश, हरिशंकर पुत्र दानी, छोटू पुत्र शिशुपाल, दीपक पुत्र नारायण, शिशुपाल पुत्र सुरजा, बंशी पुत्र गिरधारी, भूपन पुत्र रमेश व काली पुत्र कैलाश ठाकुर ने चोरी के शक के आधार पर उसे पकड़ लिया। सुबह चार बजे फोन आया कि हमने तुम्हारे बेटे साहिल को पकड़ लिया है। तुम अपने गांव के लोगों के साथ कनवाड़ी गांव आ जाओ। जब तक हम व गांव के लोग कनवाड़ी गांव पहुंचे तब तक कनवाड़ी गांव के लोगों ने मेरे बेटे की पीट-पीटकर हत्या कर दी। उन्होंने साहिल के शव को गांव के व्यक्ति कन्हैया के घर छिपा दिया। कन्हैया का मकान कई दिनों से बंद पड़ा था। मौके पर पहुंचकर साहिल के परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर कामां थाना प्रभारी अनिल गौतम ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी लेते हुए शव को अपने कब्जे लेकर कामां के राजकीय उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया।
आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लगाया जाम
गांव पालड़ी के ग्रामीणों व मृतक के परिजनों ने कस्बे के दिल्ली बाईपास चौराहा पर पहुंच जाम लगा दिया। इससे वाहनों की चारों ओर कतारें लग गई। सूचना मिलने पर एएसपी महेश मीणा व सीओ धर्मराज चौधरी ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से समझाइश की, लेकिन ग्रामीण आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। मृतक के परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर कामां कस्बे के कोसी चौराहे पर जाम लगा दिया। दोनों तरफ वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई। पुलिस की काफी समझाइश के बाद जाम को खोला गया।
इनका कहना है
-एएसपी महेश मीणा ने बताया कि मृतक के शव का कस्बे के राजकीय उपजिला अस्पताल में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं एफएसएल टीम ने गांव कनवाडी पहुंचकर बारीकी से जांच पड़ताल की।
Updated on:
24 Feb 2025, 7:19 PM IST
Published on:
24 Feb 2025, 7:19 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.