21 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Bharatpur: आग का गोला बना कोयले से भरा ट्रेलर, केबिन में तड़पता रहा चालक, जिंदा जलने से हुई दर्दनाक मौत

आगरा-बीकानेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोयले से भरे ट्रेलर में आग लगने से चालक की दर्दनाक मौत हो गई। डिवाइडर से टकराकर पलटे वाहन में आग इतनी भीषण थी कि चालक बाहर नहीं निकल सका।

2 min read
Google source verification
Bharatpur trailer fire accident, Agra Bikaner highway crash, Saras Chauraha accident, coal loaded trailer fire, driver burnt alive incident, Bharatpur road accident news, divider collision trailer, diesel spill fire accident, Mathura Gate police station area, Ajmer driver death case, late night highway accident, Rajasthan traffic disruption, fire brigade rescue operation, fatal highway crash India, police investigation ongoing

सारस चौराहे पर ट्रेलर में लगी आग बुझाते हुए। फोटो- पत्रिका

भरतपुर। आगरा-बीकानेर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित सारस चौराहे पर आगरा से जयपुर जा रहे कोयले से भरे ट्रेलर में आग लगने से चालक की मौत हो गई। ट्रेलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गया, जिससे डीजल फैल गया और आग लग गई। चालक वाहन में फंस गया। राहगीरों और पुलिस ने उसे निकालने का काफी प्रयास किया, लेकिन आग ने विकराल रूप ले लिया और चालक की जलकर मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शी मोनू ने बताया कि Mathura Gate थाना क्षेत्र के सारस चौराहे पर रात करीब 12 बजे आगरा से जयपुर की ओर जा रहा कोयले से भरा ट्रेलर तेज रफ्तार में था। सारस चौराहे के पास पहुंचते ही ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर पलट गया। पलटते ही वाहन का डीजल सड़क पर फैल गया और उसमें भीषण आग भड़क उठी।

हादसे के समय चालक अजमेर निवासी बिरदी चंद गुर्जर केबिन में ही फंसा रह गया। बताया जा रहा है कि उसका पैर केबिन में बुरी तरह फंस गया था, जिससे वह बाहर नहीं निकल सका। आग तेजी से फैलती गई और देखते ही देखते पूरा ट्रेलर आग के गोले में तब्दील हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने चालक को निकालने का प्रयास किया, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि कोई पास नहीं जा सका। चालक अंदर ही तड़पता रहा और जिंदा जल गया।

ट्रेलर पूरी तरह जलकर खाक

सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। सूचना पर सीओ सिटी पंकज यादव, एडिशनल एसपी गणपत महावर और मथुरा गेट थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ट्रेलर पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

यातायात प्रभावित

सीओ सिटी पंकज यादव ने बताया कि हादसे के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से जले हुए ट्रेलर को हटवाकर यातायात सुचारू कराया। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ या वाहन में किसी तकनीकी खराबी से संतुलन बिगड़ा।