भरतपुर जिले के वैर के भाजपा विधायक बहादुर सिंह कोली ने अब एक महिला कार्यकर्ता को अपशब्द कह दिए। इतना ही नहीं भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों के रोकने पर भी चुप नहीं हुए। बल्कि महिला कार्यकर्ता को अपशब्द कहते रहे। ऐसे में भाजपा के ही एक पूर्व मंडल अध्यक्ष ने भी विधायक को खूब खरी-खोटी सुनाई। घटना का एक वीडियो भी किसी ने बना लिया। जो कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
हुआ यूं कि शुक्रवार को भाजपा के नेता व कार्यकर्ता हलैना में सात अप्रेल को प्रस्तावित उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की चुनावी सभा के लिए स्थान का निरीक्षण करने आए थे। जहां महिला कार्यकर्ता कोमल महावर भी पहुंची थी। जहां विधायक बहादुर सिंह ने उन्हें देखकर बोले कि ये चोर यहां क्यों आई है। इसने मेरे खिलाफ विधानसभा का चुनाव लड़ा और कांग्रेस प्रत्याशी रहे भजनलाल जाटव से 50 लाख की राशि ली। विधायक कोली की भाषा शैली सुनकर वहां मौजूद सभी लोग सकते में आ गए।
उन्हें वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने समझाने की भी कोशिश की, लेकिन वह अपशब्द बोलते रहे। ऐसे में महिला कार्यकर्ता कोमल महावर रोने लगी। इसके बाद भरतपुर लोकसभा चुनाव प्रभारी भूपेंद्र सैनी ने विधायक बहादुर सिंह कोली को चुप करवाया। इससे पहले कोमल महावर विधायक बहादुर सिंह कोली को कुछ जवाब दे पाती, उससे पहले उन्हें प्रभारी भूपेंद्र सैनी ने चुप करवा दिया। हालांकि इससे पहले भाजपा मंडल झील का बाड़ा के पूर्व अध्यक्ष भूदेव धाकड़ ने सरपंच कोमल महावर का पक्ष लेकर विधायक कोली को खरी-खोटी अवश्य सुना दी।
महिला कार्यकर्ता से इसलिए नाराज…
विधानसभा चुनाव 2023 में वैर-भुसावर विधानसभा से कोमल महावर बीजेपी से टिकट मांग रही थीं, लेकिन बीजेपी ने बहादुर सिंह कोली को अपना प्रत्याशी बनाया। टिकट नहीं मिलने के कारण कोमल महावर बागी हो गईं और निर्दलीय मैदान में उतर गई। हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा। बहादुर सिंह कोली कांग्रेस के भजन लाल जाटव को हराकर विधायक बने। विधायक बहादुर सिंह कोली को कोमल महावर का निर्दलीय चुनाव लडऩा रास नहीं आया। इस चुनाव में सात प्रत्याशी मैदान में थे। भाजपा के बहादुर सिंह कोली को 94 हजार 56 वोट, कांग्रेस के भजनलाल जाटव को 87 हजार 84 वोट व निर्दलीय कोमल महावर को 1176 मत मिले थे।
विधायक कोली का विवादों से पुराना नाता
1. वर्ष 2019 में बहादुर सिंह कोली स्टिंग मामले में फंस चुके हैं। इसके बाद उनकी सांसद की टिकट कट गई थी। इस स्टिंग में उन्होंने भाजपा की ओर से सांसद पद के प्रत्याशी को चुनाव लडऩे के लिए करोड़ों रुपए एंबुलेंस के माध्यम से आने की बात कबूल की थी। इसको लेकर उनकी काफी फजीहत भी हुई थी।
2. 27 जुलाई 2016 को लुधावई टोल प्लाजा पर सुरक्षाकर्मी को थप्पड़ जडऩे के बाद विवादों में आए थे।
3. आठ नवंबर 2023 को विधायक कोली का एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें वे एक समाज के लोगों को अपशब्द कहने के साथ ही एसपी व मुख्यमंत्री तक को पीट देने की बात कह रहे थे। बाद में वे बात से पलट गए।
4. 10 मार्च 2024 को जयपुर में विधायक बहादुर सिंह कोली, पीएसओ गजेंद्र सिंह मीणा के साथ मारपीट का मामला सामने आया था। उन्होंने जयपुर के एक प्रॉपर्टी कारोबारी के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। मामला किसी भूखंड की खरीद से जुड़ा था।
5. वर्षों पहले बहादुर सिंह कोली के साथ ट्रेन में भी मारपीट का मामला सामने आया था।