
फोटो: वीडियो का स्क्रीनशॉट
Bharatpur News : भरतपुर। बयाना के सदर थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार को एक ऐसा हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जिसने पूरे इलाके की सांसें थाम दीं। प्रेम विवाह की जिद में एक 20 वर्षीय युवती करीब 150 फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई और करीब 5 घंटे तक वहीं बैठी रही। इस दौरान गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।
जानकारी के अनुसार युवती गांव के ही युवक से अंतर्जातीय विवाह करना चाहती थी, लेकिन परिजनों की असहमति के चलते उसने यह खतरनाक कदम उठा लिया। टॉवर पर चढ़ी युवती को देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया, वहीं आसपास के लोग भी चिंतित नजर आए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंच गया। हालात की गंभीरता को देखते हुए तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। सदर थाना पुलिस के साथ सिविल डिफेंस टीम को बुलाया गया और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस को अलर्ट पर रखा गया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास तेज कर दिए।
युवती को समझाने के लिए उस युवक को भी मौके पर बुलाया गया, जिससे वह शादी करने की जिद कर रही थी। सुरक्षा उपकरणों के साथ युवक को टॉवर पर भेजा गया, जहां उसने युवती को समझाने की कोशिश की। काफी देर तक चली समझाइश और कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार युवती नीचे उतरने के लिए राजी हो गई।
करीब पांच घंटे बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया, जिसके बाद प्रशासन और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। रेस्क्यू के तुरंत बाद युवती को उप जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है।
Updated on:
06 Apr 2026 03:42 pm
Published on:
06 Apr 2026 03:18 pm
बड़ी खबरें
View Allभरतपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
