
Kaman Vidhan Sabha Result 2023: राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 का परिणाम रविवार को जारी हो गया है। जिले की दो सीटों पर महिला प्रत्याशियों ने जीत का परचम फहराया है। कामां विधानसभा क्षेत्र से जहां भाजपा उम्मीदवार नौक्षम चौधरी ने जीत दर्ज की तो वहीं बयाना विधानसभा में भाजपा से बागी होकर चुनाव लड़ीं डॉ. ऋतु बनावत के सिर जीत का सेहरा बंधा।
नौक्षम को कुल 78 हज़ार 646 वोट हासिल हुए और वे 13 हजार 906 मतों से विजयी रही। उनके निकटतम प्रतिद्विंदी निर्दलीय प्रत्याशी मुख्तयार अहमद को 64 हज़ार 740 वोट मिले। कांग्रेस की जाहिदा खान तीसरे स्थान पर रही। जाहिदा ने 58 हज़ार 130 वोट हासिल किए। नौक्षम को राजस्थान की ब्यूटी क्वीन भी कहा जाता है। वहीं बयाना विधानसभा में विजयी रहीं। डॉ. ऋतु बनावत ने जिले में सर्वाधिक अंतर से जीत हासिल की है।
कांग्रेस की सत्ता का गढ़ ढहा
कांग्रेस की सत्ता का गढ़ भरतपुर रविवार को मतगणना के बाद ढह गया। सात विधानसभा सीटों पर कांग्रेस अपना खाता भी नहीं खोल सकी। कांग्रेस समर्थित रालोद जरूर अपनी सीट बचाने में कामयाब हो गई। भाजपा ने यहां पांच सीटों पर विजयी पताका फहराई। कांग्रेस के दो केबिनेट मंत्री समेत, एक राज्यमंत्री एवं दो राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त विधायक भी अपनी सीट नहीं बचा सके। बागी होकर निर्दलीय चुनाव लड़ीं डॉ. ऋतु बनावत ने सर्वाधिक मतों से जीत हासिल की। सत्ता परिवर्तन की आहट के बीच भरतपुर ने भी बदलाव का मन बनाया और अपना समर्थन भाजपा को दिया। मतगणना के दौरान रुझान शुरू हुए तो कई प्रत्याशियों को जीत की उम्मीद बधी, लेकिन बाद में जैसे-जैसे गणना आगे बढ़ी तो अचंभित रह गए।
जानें कौन है नौक्षम चौधरी
बीजेपी ने विधानसभा 2023 के चुनावों में नौक्षम चौधरी को अपना प्रत्याशी चुना है। नौक्षम चौधरी एक पैराशूटी प्रत्याशी हैं। वह हरियाणा में नूंह के पैमा खेड़ा गांव की रहने वालीं हैं। नौक्षम चौधरी ट्रिपल एमए की हुई है। इसके अलावा इन्होंने लंदन से मास कम्युनिकेशन भी किया है। भाजपा के एक केंद्रीय नेता उनके मित्र बताए जाते हैं। नौक्षम चौधरी करीब 7 साल पहले बीजेपी से जुड़ी थीं। 2019 में बीजेपी ने उन्हें पुन्हाना से टिकट दिया और वह कांग्रेस प्रत्याशी के सामने चुनाव हार गईं। कामां मुस्लिम बाहुल्य सीट मानी जाती है। कामां विधानसभा में 2 लाख 54 हजार वोटर हैं। इसमें से 1 लाख मुस्लिम वोटर हैं। क्षेत्र में यह भी चर्चा है कि नोक्षम डेमरोत पाल से है और डेमरोत वोटर कामां विधानसभा में अच्छा प्रभाव डालते है। ज्यादातर एक ही जगह मतदान करते है।
Updated on:
04 Dec 2023 11:58 am
Published on:
04 Dec 2023 11:56 am
बड़ी खबरें
View Allभरतपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
