
वृंदावन कुंभ में बसेगा बृज संस्कृति आधारित गांव
भरतपुर/गोवर्धन. हरिद्वार महाकुंभ से पहले ब्रज की पावन भूमि पर 40 दिवसीय कुंभ बैठक मेले का आयोजन 16 फरवरी वसंत पंचमी मंगलवार को निकाली गई शोभायात्रा से होगा। वृंदावन के भव्य व दिव्य मेला का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 14 फरवरी को यमुना जी के किनारे आरती उतारकर करेंगे। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्रा ने बताया कि वृंदावन कुंभ बैठक का पहला शुभ स्नान दिवस 16 फरवरी को है, लेकिन इससे पहले मेले का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर कुंभ क्षेत्र में विशाल पांडाल बनाया गया है। मेला अधिकारी और ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सीईओ नागेंद्र प्रताप ने कहा कि मेले में पीने के लिए गंगा जल उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। अधिकारियों ने यह भी कोशिश की है कि कुंभ बैठक के दौरान यमुना नदी में गंगा के पानी के निरंतर प्रवाह को सुनिश्चित किया जाए। निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए बिजली विभाग द्वारा मेला क्षेत्र में एक सब-स्टेशन स्थापित किया गया
ब्रज संस्कृति आधारित बसाया जाएगा अनूठा गांव
मेला में ब्रज संस्कृति पर आधारित अनूठा गांव बसाया जाएगा। इसमें ब्रज की प्राचीन धरोहर, पुरातत्व अवशेष, स्थल, ललित कला और धार्मिक महत्व से जुड़े स्थलों की तस्वीरें नजर आएंगी। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ परिषद की ओर से ब्रज संस्कृति गांव में प्रदर्शनी लगाई जाएगी। ब्रज की सभी कलाओं का अलग-अलग कलाकारों द्वारा मंचन किया जाएगा। मेला क्षेत्र में अस्थायी पुलिस लाइन, पत्रकारों के लिए शिविर और स्नान के लिए अस्थायी घाट बनाए गए हैं। 40 दिवसीय कुंभ बैठक की व्यवस्थाओं को लेकर साधु-संतों ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। गोवर्धन के महामंडलेश्वर सांवरिया बाबा ने कहा कि परंपरा में सम्प्रदाय, अखाड़े व खालसाओं से जुड़े साधु-संतों का प्रवास होगा। जहां संतों का समूह है वहीं कुंभ है। कुंभ का स्नान पापों का नाश कर पुण्य प्रदान करता है। यहां मनुष्य आध्यात्मिक होकर सकारात्मक जीवन की ओर बढ़ता है।
1645 सुरक्षाकर्मियों की होगी तैनाती
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को वृंदावन आ रहे हैं। वृंदावन कुंभ के चलते 1645 सुरक्षाकर्मी लगाए गए हैं। पुलिसकर्मी आगरा और अलीगढ़ जोन से बुलाए गए हैं। ब्रीफिंग के बाद पुलिस फोर्स अपने प्वाइंटों पर मुस्तैद नजर आएगी। पांच घंटे 10 मिनट तक वृंदावन में रुकने के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा व्यवस्था एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर के निर्देशन में की गई है। एसपी सिटी मथुरा मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था में एएसपी-7, सीओ-7, इंस्पेक्टर-24, एसआई-145, सिपाही-891, थाना प्रभारी-11, महिला इंस्पेक्टर-1, महिला एसआई-8, महिला सिपाही-48, पीएसी-तीन कंपनी, फ्लड़ पीएसी-एक कंपनी के अलावा एलआईयू और आईबी समेत खुफिया विभाग के अफसरों की तैनाती होगी।
Published on:
13 Feb 2021 08:13 pm

बड़ी खबरें
View Allभरतपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
