20 मार्च 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Bharatpur Road : भरतपुर में करीब साढ़े तीन किमी सड़क बनेगी सिक्सलेन, ट्रैफिक सिस्टम बदलेगा, ₹67 करोड़ मंजूर

Bharatpur Road : भरतपुर शहर के सड़क ढांचे को आधुनिक बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया जा रहा है। शहर में करीब साढ़े तीन किलोमीटर लंबी सड़क को सिक्सलेन में विकसित किया जाएगा। सिक्सलेन सड़क की लागत लगभग 67 करोड़ रुपए आएगी।

2 min read
Google source verification
Bharatpur three and a half kilometers road built Six-lane Traffic system to be changed ₹67 crore approved

ग्राफिक फोटो - AI

Bharatpur Road : भरतपुर शहर के सड़क ढांचे को आधुनिक बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया जा रहा है। अब शीशम तिराहे से चामड़ होते हुए सरसों अनुसंधान केन्द्र तक करीब साढ़े तीन किलोमीटर लंबी सड़क को सिक्सलेन में विकसित किया जाएगा। लगभग 67 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली यह सड़क शहर के ट्रैफिक दबाव को कम करने के साथ ही सौंदर्यीकरण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

भरतपुर शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण की प्रक्रिया पहले से चल रही है। इसी कड़ी में अब शीशम तिराहे से लेकर सरसों अनुसंधान केन्द्र तक सिक्सलेन सड़क निर्माण की तैयारी शुरू कर दी गई है। इस परियोजना के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और वर्क ऑर्डर भी जारी कर दिए गए हैं। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।

ऐसा होगा सड़क का ढांचा

इस सिक्सलेन सड़क के निर्माण में आधुनिक शहरी डिजाइन को ध्यान में रखा जाएगा। दोनों ओर 11-11 मीटर चौड़ी मुख्य सड़क बनाई जाएगी। इसके अलावा 5 मीटर का यूटिलिटी जोन विकसित किया जाएगा, जिसमें अंडरग्राउंड बिजली लाइन, स्ट्रीट लाइट और पानी की पाइपलाइन जैसी सुविधाएं रहेंगी।

सड़क के बीच में आकर्षक डिवाइडर बनाया जाएगा। मुख्य सड़क के दोनों ओर साढ़े तीन-साढ़े तीन मीटर चौड़ी सर्विस लेन का निर्माण भी किया जाएगा, ताकि स्थानीय यातायात मुख्य सड़क पर प्रभावित न हो। इसके अलावा जल निकासी की समस्या से निपटने के लिए दोनों ओर नालों का भी निर्माण किया जाएगा।

शहर में कई जगह सड़कें हो रहीं चौड़ी

भरतपुर शहर में यातायात सुधार के लिए अन्य प्रमुख मार्गों का भी चौड़ीकरण किया जा रहा है। केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान से बी-नारायण गेट तक, बी-नारायण गेट से अटलबंध सिरकी वाले हनुमान मंदिर तक, आरबीएम अस्पताल से चांदपोल गेट तक, हीरादास बस स्टैंड से मथुरा बाइपास तक तथा रेडक्रॉस सर्किल से गोवर्धन गेट और रेलवे स्टेशन तक सड़कों को चौड़ा करने की कार्रवाई चल रही है।

इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद भरतपुर शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या काफी हद तक कम होने की उम्मीद है। साथ ही आधुनिक सड़क ढांचा शहर की सुंदरता और यातायात व्यवस्था दोनों को नई पहचान देगा।