17 जनवरी 2026,

शनिवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

भरतपुर के स्थापना दिवस पर चलेगा विशेष सफाई अभियान

-13 से 19 फरवरी तक होंगे कार्यक्रम

2 min read
Google source verification
भरतपुर के स्थापना दिवस पर चलेगा विशेष सफाई अभियान

भरतपुर के स्थापना दिवस पर चलेगा विशेष सफाई अभियान

भरतपुर. जिला प्रशासन, नगर निगम, नगर विकास न्यास एवं जनसहयोग से लोहागढ़ विकास परिषद के तत्वावधान में भरतपुर का 287वां स्थापना दिवस समारोह 13 से 19 फरवरी तक विभिन्न कार्यक्रमों के साथ आयोजित किया जाएगा। जिला कलक्टर नथमल डिडेल ने समारोह से संबंधित तैयारियों की समीक्षा बैठक में विभिन्न कार्यक्रमों को जिम्मेदारी के साथ गरिमामय तरीके से मनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर को साफ. सुथरा रखते हुए हर्षोल्लास के वातावरण में समाज के सभी वर्गों को अपने शहर के स्थापना दिवस समारोह से जोड़ा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि शहर के वार्डों का समूह बनाकर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। बैठक में लोहागढ़ विकास परिषद के अध्यक्ष गुलाब बत्रा ने बताया कि 13 फरवरी को दोपहर तीन बजे डीग में श्री हिन्दी पुस्तकालय समिति की ओर से ब्रजभाषा कवि सम्मेलन का श्री गणेश होगा। 14 से 17 फरवरी तक सुबह 9.30 बजे से डीग, कामां, वैर, रूपवास और भरतपुर में विरासत दर्शन कार्यक्रम के तहत स्कूली छात्र-छात्राओं को संग्रहालय एवं पुरातत्व विभाग तथा भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के सहयोग से ऐतिहासिक स्मारकों का अवलोकन करवाया जाएगा। इसके तहत 14 फरवरी को डीग में जलमहल एवं किला तथा कामां के चौरासी खम्भों एवं चील महल का अवलोकन, 15 फरवरी को वैर के सफेद महल एवं किला, 16 फरवरी को रूपवास का लाल महल का अवलोकन कराया जाएगा तथा 17 फरवरी को भरतपुर में राजकीय संग्रहालय स्मारक अवलोकन के साथ यातायात नियम और उनकी पालना थीम पर चित्रकला प्रतियोगिता की जाएगी। उन्होंने बताया कि 16 से 18 फरवरी तक नगर निगम वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत 16 फरवरी को वार्ड संख्या एक से 20 तक, 17 फरवरी को वार्ड संख्या 21 से 40 तक एवं 18 फरवरी को वार्ड संख्या 41 से 65 तक सुबह 7.30 बजे से विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि 18 फरवरी को सुबह सात बजे राष्ट्रीय केवलादेव उद्यान में हैरिटेज वॉक, सुबह आठ बजे प्रमुख चौराहों पर रंगोली सजावट, सुबह 10.30 बजे से हिन्दी साहित्य समिति में महात्मा गांधीजी के जीवन से हम क्या सीखें विषय पर महाविद्यालय स्तर की भाषण प्रतियोगिता का सुबह नौ बजे से रजिस्ट्रेशन किया जाएगा तथा शाम छह बजे लक्ष्मण मंदिर, गंगा मंदिर, बिहारीजी मंदिर एवं अन्य धार्मिक स्थलों पर दीपदान एवं रोशनी की जाएगी। उन्होंने बताया कि 19 फरवरी को सुबह 5.30 बजे बिहारी जी मंदिर में महाआरती से होगी। सुबह सात बजे से हीरादास, एसबीके गल्र्स स्कूल, लक्ष्मण मंदिर और महाराजा बदनसिंह से यातायात चौराहे तक स्वाभिमान मार्च निकाला जाएगा तथा सुबह 9.30 बजे यातायात चौराहा स्थित महाराजा सूरजमल स्मारक पर पुष्पांजलि कार्यक्रम होगा। सुबह 11 बजे गायत्री शक्ति पीठ किला में जनमहायज्ञ में भरतपुर जिले की खुशहाली के लिए आहुतियां दी जाएगी तथा शाम छह बजे से पर्यटन विभाग की ओर से यूआईटी ऑडटोरियम में सांस्कृतिक संध्या होगी। बैठक में सचिव डॉ. प्रदीप चतुर्वेदी, कोषाध्यक्ष गोपाल गुप्ता, जिला समन्वयक योगेश शर्मा, डॉण् अशोक गुप्ता, प्रमोद जैन, दिनेश पाराशर, गिर्राजशरण सिंघल आदि उपस्थित थे।