
पहले शटर के ताले तोड़कर खाए रसगुल्ले, फिर हजारों का माल पार कर फरार
भरतपुर. शहर में अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहा है। यही कारण है कि कभी मकान में चोरी तो कभी बाइक चोरी की घटनाएं नहीं रुक रही हैं। जहां पुलिस रात के समय गश्ती ही नहीं, बल्कि पूरी रात चौकसी करती है, उसी इलाके में बदमाशों ने आराम से चोरी की घटना को अंजाम दिया। घटना है अटलबंध थाना इलाके में स्थित पुराना लक्ष्मण मंदिर के पीछे एक बैकरी की दुकान की। जहां बदमाशों ने पहले आराम से रसगुल्ले व बिस्किट का नाश्ता किया, फिर सामान के साथ करीब 24 हजार रुपए की नकदी भी चोरी कर ले गए। उल्लेखनीय है कि शहर में चोरी की आए दिन वारदात हो रही हैं। कुछ दिन पहले ही पुष्पवाटिका कॉलोनी में पुलिसकर्मी के घर चोरी की घटना हुई थी, लेकिन पुलिस अभी तक घटना का खुलासा तक नहीं कर सकी है।
बैकरी मालिक रवि मदेरणा पुत्र जीवनसिंह मदेरणा निवासी मालीपुरा थाना सेवर, हाल निवासी पुराना लक्ष्मण मंदिर थाना अटलबंध ने थाने में दी तहरीर में बताया है कि उसकी दुकान आगरा बैकरी पुराना लक्ष्मण मंदिर थाना अटलबंध में स्थित है। 28 मई की रात करीब साढ़े आठ बजे वह दुकान पर दो ताले, एक अंदर व एक बाहर की ओर से लगाकर दुकान बंद कर घर गया था। दुकान के गल्ले में 24 हजार रुपए रखे हुए थे। रविवार सुबह जब भाई कुलवंत सिंह दुकान खोलने के लिए पहुंचा तो देखा कि शटर ऊंची थी। गल्ले में रखी हुई नकदी करीब 24 हजार रुपए गायब थी। दुकान में रखे हुए सिगरेट, चॉकलेट, रसगुल्ला, बिस्किट आदि के पैकेटों को दुकान में रखे हुए थैले में भरकर बदमाश ले गए। दुकान में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। इसकी रिकॉर्डिंग देखने पर पता चला कि रात करीब 12 बजकर 11 मिनट पर दो बदमाश दुकान के सामने ताकाझांकी कर रहे थे। इसके बाद करीब 12.50 बजे एक बदमाश ने मुंह पर कपड़ा बांधा हुआ है, पैरों में चप्पल पहनी हुई है। शटर तोड़कर दुकान में घुस जाता है। कुछ देर बाद ही सामान व नकदी लेकर दूसरे बदमाश के साथ फरार हो जाता है। बदमाशों ने सामान चोरी करने से पहले रसगुल्ले व बिस्किट भी खाए हैं। साथ कुछ सिगरेटों का भी सेवन किया है। इधर, अटलबंध थाना पुलिस ने मौका मुआयना किया है।
Published on:
29 May 2022 03:53 pm
बड़ी खबरें
View Allभरतपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
