डीग जिले के जुरहरा थाने में जब्त बाइकों और सामान में आग लग गई। इससे सारा सामान जलकर राख हो गया। आग लगने के कारणों का पता नहीं लग पाया है। आग पर काबू पाने के लिए कामां और हरियाणा से दमकल की गाडिय़ों को बुलाया गया। हालांकि आग से कितना नुकसान हुआ है, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अधिकारी सतीश यादव ने बताया कि जुरहरा थाने के पीछे अज्ञात कारणों से कबाड़ में आग लग गई। वहीं पास में कुछ पटाखे रखे थे, उसमें ब्लास्ट हो गया। इसके बाद आग बढ़ती चली गई। जुरहरा के स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आसपास के सभी कस्बों और हरियाणा के पुन्हाना से दमकल की गाडिय़ों को बुलाया गया और आग बुझाने की कोशिश की गई। करीब आधे घंटे के बाद आग पर काबू पाया गया। आग में जब्त किए सभी वाहन पूरी तरह से जल गए। पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने वहां से जब्त किए हुए समान को हटाया। पुलिसकर्मी आग से कुछ सामान ही बचा सके। हालांकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।