
मंडी में लगी सरसों की ढेरियां, किसानों को समर्थन मूल्य पर खरीद का इंतजार
ज्ञान प्रकाश शर्मा
भरतपुर. नई सरसों की आवक से सरसों मंडी में रौनक लौट आई है। मंडी में आढ़तियों की दुकानों के आगे सरसों की ढेरियां लग रही हैं। मंडी में आढ़तियों की दुकानों पर सुबह से ही किसान अपने वाहनों से सरसों लेकर पहुंच रहे हैं। नमी के चलते कुछ किसान सरसों को कट्टों या बोरी में भरने के बजाए सीधे ट्रॉली या जुगाड़ में भरकर मंडी ला रहे हैं तो कुछ किसान ट्रक में कट्टों को भरकर मंडी ला रहे हैं। व्यापारी भी सुखाने के लिए मंडी में धूप में ढेरियां लगा रहे हैं ताकि सरसों की नमी कम हो सके। हालांकि अभी नई सरसों के भाव पुरानी सरसों की तुलना में कम हैं। पुरानी सरसों जहां 5200-5300 रुपए प्रति क्विंटल हैं, वहीं नई सरसों का भाव 5 हजार से लेकर 5200 रुपए प्रति क्विंटल है। ऐसे में किसानों को सरकारी खरीद (समर्थन मूल्य पर) पर सरसों की खरीदी का इंतजार है।
सरसों व्यापारियों के अनुसार जिले में फिलहाल सरसों की कटाई जारी है। इसके साथ ही किसान नई सरसों को मंडी में लाने लागे हैं। फिलहाल ज्यादातर सरसों कोटा, बारां, निम्बाहेडा, प्रतापगढ़, चिरावा, हिन्डौन एवं गंगापुर से आ रही है। स्थानीय एवं आपपास अभी कटाई जारी है। ऐस ेमें होली के बाद आसपास से भी सरसों की आवक शुरू हो जाएगी। ग्रामीण इलाकों में अगेती सरसों की कटाई जारी है। होली के बाद मंडियों में आवक एक साथ ही बढऩे की उम्मीद है।
समर्थन मूल्य 5450 रुपए प्रति क्विंटल, शुरुआत एक अप्रेल से
केन्द्र सरकार ने इस वर्ष सरसों का न्यूनतम समर्थन मूल्य गत वर्ष की तुलना में 400 रुपए बढ़ाकर 5450 रुपए किया, लेकिन सरकार ने अभी खरीद के लिए पंजीयन शुरू नहीं किया है। ऐसे में मजबूरन किसान को कम भाव में खुले बाजार में सरसों बेचनी पड़ रही है। एक अप्रेल से राजस्थान में समर्थन मूल्य पर सरसों की खरीदी शुरू होने की उम्मीद है।
होली के बाद पकड़ेगी रफ्तार
मंडी में नई सरसों की आवक जारी है। अभी सरसों कोटा, गंगापुर, हिंडौन, निम्बाहेडा आदि इलाकों से रोजाना करीब 500 से 600 क्विंटल आ रही है, लेकिन होली के बाद आसपास की सरसों की आवक शुरू होने से रफ्तार पकड़ेगी। चूंकि यहां तेल मिल ज्यादा होने से करीब 400-500 क्लिंटल सीधी मिलों में जा रही है। किसानों को अभी सरकारी खरीदी का इंतजार है। जो अप्रेल से शुरू होने की उम्मीद है। मंडी में सरसों की गुणवत्ता के आधार पर भाव मिलता है, लेकिन सरकारी खरीदी में 5450 रुपए प्रति क्विंटल तय की गई है।
-भूपेन्द्र गोयल, सरसों व्यापारी, भरतपुर।
भरतपुर में 15 प्रतिशत क्षेत्र की कटाई
भरतपुर. कृषि विभाग के अतिरिक्त निदेशक देशराज सिंह के अनुसार भरतपुर संभाग के करौली जिले में सबसे अधिक 60 प्रतिशत सरसों की कटाई हो गई है। जबकि भरतपुर जिले में 15 प्रतिशत, अलवर, धौलपुर एवं सवाईमाधोपुर में 20-20 प्रतिशत सरसों की कटाई हुई है। भरतपुर जिले में 2 लाख 62 हजार 804 हैक्टेयर में सरसों की बुवाई की थी, जिसमें से 39 हजार 270 हैक्टेयर अर्थात 15 प्रतिशत सरसों की कटाई हो चुकी है।
Published on:
28 Feb 2023 09:20 pm
बड़ी खबरें
View Allभरतपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
