13 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बजरी माफिया को रोका तो पहले पुलिस, फिर ग्रामीणों पर की फायरिंग

रूपवास थाना अंतर्गत यूपी बॉर्डर से सटी घाटौली पुलिस चौकी पर शुक्रवार तड़के नाकाबंदी के दौरान बजरी माफिया को रोकने पर वह बजरी डाल कर भाग निकले।

2 min read
Google source verification
Gravel Mafia Firing On Police In Bharatpur

भरतपुर। रूपवास थाना अंतर्गत यूपी बॉर्डर से सटी घाटौली पुलिस चौकी पर शुक्रवार तड़के नाकाबंदी के दौरान बजरी माफिया को रोकने पर वह बजरी डाल कर भाग निकले। पीछा करने पर पुलिस और फिर खानसूरजापुर गांव में ग्रामीणों पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से तीन ट्रेक्टर व एक प्रतिबंधित चंबल बजरी लदी ट्रॉली को जब्त कर पांच जनों को गिरफ्तार किया है। पकड़े आरोपियों में चालक को छुड़ाने आए पास के गांव के चार लोग भी थे।

थाना प्रभारी भोजाराम ने बताया कि अलसुबह 2 बजे धौलपुर की ओर से अवैध चंबल बजरी से भरी ट्रैक्टर ट्रॉलियों को रोकने के लिए हैड कांसटेबल महेन्द्र सिंह ने आरएसी के जाब्ते को साथ लेकर नाकाबंदी की। सुबह करीब 4.30 बजे अवैध चम्बल बजरी भरे 10-12 ट्रेक्टर ट्रॉली आते दिखाई दिए। जिन्हें रुकने का इशारा किया जिस पर बजरी माफिया ने पुलिस जाब्ते पर ट्रेक्टर ट्रॉली चढ़ाने का प्रयास किया। यहां बिछाए लोहे के कांटों को भी बजरी माफिया वाहनों में फंसने के बाद खींच कर रूपवास और कुछ धौलपुर की तरफ भाग निकले।

घटना की सूचना पर थाना प्रभारी, एएसआई सुगन मीणा, कांस्टेबल जसवंत सिंह, दारा सिंह, सोनवीर गांव खानसूरजापुर पहुंचे। यहां ग्रामीणों के विरोध के चलते बजरी माफिया एक ट्रेक्टर-ट्रॉली को छोड़कर सरसों के खेत में भाग निकले। ग्रामीण व पुलिस के पीछा करने पर बजरी माफिया ने फायरिंग कर दी। घेराबंदी कर एक जने को धरदबोचा। पकड़े व्यक्ति ने अपना नाम तुलसीगिरी पुत्र संतोष गिरी गोस्वामी निवासी भावनई थाना जगनेर जिला आगरा यूपी का होना बताया। तलाशी में उसके कब्जे से एक कट्टा 315 बोर लोड था। उसके पास 315 बोर के दो खाली कारतूस मिले।

इस दौरान चार जने दो बिना नंबरी ट्रेक्टरों से बजरी माफिया द्वारा छोड़े गए ट्रैक्टर ट्रॉली को टोचन कर ले जाने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस ने मौके से विजयपाल पुत्र हाकिम सिंह, रामपाल पुत्र हाकिम, गंगा सिंह पुत्र हाकिम सिंह व हरिओम पुत्र श्यामलाल निवासी गांव दौरदा को गिरफ्तार कर लिया। चालक तुलसीगिरी के ट्रेक्टर की तलाशी लेने पर जरीकेन में 18 लीटर हथकढ़ शराब बरामद की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ राजकार्य में बाधा पहुंचाने, पुलिस जाब्ते पर फायरिंग कर व वाहन चढ़ाकर मारने की कोशिश का मामला दर्ज किया है।