भरतपुर . राजस्थान हर क्षेत्र में मॉडल प्रदेश बनकर उभरा है। चुनावी आहट के बीच भाजपा नेताओं ने अलग-अलग इलाके चुने हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजस्थान को चुना है, लेकिन यहां उनकी एक नहीं सुनी जाएगी। रोटी, प्रसाद-परांठा और यहां तक कि धार्मिक यात्रा के दौरान चलने वाले खच्चरों पर भी केन्द्र सरकार ने टैक्स लगा दिया है। रोटी पर टैक्स तो अंग्रेजों ने भी नहीं लगाया था। जनता इसे भूलने वाली नहीं है। यह बात खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कही। खाचरियावास शनिवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से बात कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने गैस सिलेंडर 1100 रुपए के पार पहुंचा दिया। गहलोत सरकार ने लोगों को 500 रुपए में सिलेंडर दिया तो इससे घबराकर केन्द्र सरकार ने 200 रुपए सिलेंडर पर कम किए हैं। खाचरियावास ने कहा कि हमारा एक ही मकसद है कि सरकार रिपीट हो। ऐसा नहीं होने पर प्रदेश सरकार की जन कल्याणकारी योजनाएं बंद हो जाएंगी। यह लड़ाई भाजपा-कांग्रेस की नहीं, बल्कि जनता की लड़ाई है, जिसे हम लड़ रहे हैं। भाजपा की सरकार जनता का फ्री गेहूं और फ्री बिजली सब बंद कर देगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में कोई भेदभाव नहीं है। यहां सब टिकट मांग सकते हैं। सबको बराबरी का हक है। उन्होंने कहा कि हम तिरंगे की शान के लिए लड़ रहे हैं। इसे किसी भी कीमत पर झुकने नहीं दिया जाएगा। महाराणा प्रताप की बात करने वाली भाजपा को असली इतिहास नहीं पता है। ईमानदारी और सत्य ही हमारा धर्म है। यह धर्म की राजनीति करने वालों को भलीभांति समझ लेना चाहिए। इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष दिनेश सिंह सूपा आदि मौजूद रहे।