
VIDEO#पैसा ऊपर तक पहुंचता है साहब, सब जानते हैं...
भरतपुर . भ्रष्ट को कतई पैसा मत दो। गाढ़ी कमाई का पैसा किसी अच्छे कार्य में खर्च करें। एसीबी ट्रेप के साथ और ट्रेप के बाद भी आपके साथ है। बाद में इसलिए कि शिकायत करने वालों के वाजिब कामों की लड़ाई एसीबी लड़ती है। इसके लिए हर दो माह में गृह सचिव के साथ बैठक होती है। अब तक एसीबी ने ऐसे लोगों के करीब 10-11 करोड़ रुपए के बिल पास कराए हैं। साथ ही एनओसी भी दिलाई है। यह बात भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक बी.एल. सोनी ने कही। सोनी शुक्रवार को ऑडिटोरियम में एसीबी की ओर से जन जागरूकता अभियान एवं जन संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि भ्रष्ट लोकसेवक के प्रति दया-भाव रखना एक तरह से गुनाह ही है। ऐसे में उन्हें बख्शे नहीं। एसीबी मुख्य रूप से ट्रेप, आय से अधिक संपत्ति और पद का दुरुपयोग करने पर कार्रवाई करती है, लेकिन इसके लिए सटीक सूचनाएं हमें आमजन से ही मिलती हैं। पैसे मांगने के अलावा लोग ऐसे व्यक्तियों की सूचना भी दे सकते हैं, जो भोग-विलास पूर्ण जीवन जी रहे हैं और उनकी कमाई का जरिया सीमित है। सोनी ने कहा कि लोगों को पैसे देकर काम निकलवाने की प्रवृति त्यागनी होगी। बच्चों को साफ-सुथरा जीवन देकर हम समाज के लिए बहुत बड़ा काम कर सकते हैं। एसीबी की कार्यशैली को लेकर सोनी ने कहा कि हमारा दामन साफ होना चाहिए। यदि हमारी टीम का कोई साथी धौंस जमाता है या अन्य गलत कार्य करता है तो वह सामान्य ेसे तीन गुणा बड़ा अपराध है। इसके लिए मुझे सीधे सूचित करें। इसमें सजा भी दस गुना होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भ्रष्ट लोगों की संख्या बहुत कम है और हम बहुत ज्यादा हैं। लोग हमें सूचना दें। इसके लिए यह नहीं देखें कि आज छुट्टी या रविवार है। हम कतई पीठ नहीं दिखाएंगे। अतिरिक्त महानिदेशक भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो हेमंत प्रियदर्शी ने कहा कि पहले समाज में भ्रष्ट आचरण वाले लोगों को हेय दृष्टि से देखा जाता है, लेकिन अब यह लोग स्वीकार होने लगे हैं और उन्हें सम्मान मिलने लगा है। यह बदलाव पिछले तीस चालीस सालों में आया है। ऑल आउट होने से पहले हमें यह सोचना होगा कि पहली पीढ़ी ने हमें जो दिया। अब उससे बेहतर समाज हमें देना चाहिए। यदि आने वाली पीढ़ी हमसे पूछेगी तो हम क्या जवाब देंगे। प्रियदर्शी ने कहा कि ईमान की बात करना कभी नहीं छोड़ें। हमारे पास शक्ति है और आपके पास सूचना। यह भ्रष्टाचार के खिलाफ बहुत बड़ी ताकत है। ऐसे में हाथ मिलाकर काम करें। उन्होंने दलालों के नेटवर्क को भी तोडऩे का आह्वान किया। पहाड़ी क्षेत्र के नसीब ने प्रियदर्शी की ओर से उनके केस में की मदद का किस्सा सुनाया। इस दौरान संजीव गुप्ता, अनुराग गर्ग, अनिल अग्रवाल, नृपेश गुप्ता, प्रेम सिंह कुंतल, सुनील प्रधान, संतोष खंडेलवाल, महानिरीक्षक कालूराम रावत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भरतपुर महेश मीणा आदि मौजूद रहे।
...................................
पत्रिका के मुद्दों पर लोगों ने दागे सवाल
महानिदेशक के जनसंवाद कार्यकम में भ्रष्टाचार की भी खूब गूंज रही। मुख्य रूप से पत्रिका की ओर से उठाए गए मुद्दों पर लोगों ने सवाल पूछे। लोगों ने आरजीएचएस में हुए घोटाले का जिक्र किया। पूर्व पार्षद इन्द्रजीत भारद्वाज ने कहा कि रिश्वत देने वालों के खिलाफ कार्रवाई क्यूं नहीं होती। साथ ही फर्जी पट्टा प्रकरण में सरकारी कर्मचारी की ओर से ली गई राशि और तीन माह बाद एफआइआर होने के संबंध में सवाल किया। मजदूर नेता राघवेन्द्र सिंह ने कहा कि ट्रेप होने वालों को सजा क्यूं नहीं मिल पाती। वह वापस पद पर क्यूं आ जाते हैं। किसान नेता राजपाल सिंह पूनियां ने आरोप लगाया कि पत्थर ले जाने वाले ट्रैक्टरों से परिवहन विभाग की टीम सरेआम पैसा लेती है। राजनेता पेपर आउट करा रहे हैं। उन्होंने पूर्व के एक एसपी का नाम लेते हुए कहा कि उन्होंने मुझसे कहा था कि कुछ तू ले और कुछ मुझे दे। आरोप लगाया कि पैसा ऊपर तक पहुंचता है। यह किसी से छिपा नहीं है। सीएम के सामने ही शिक्षकों ने तीन-तीन लाख रुपए तबादले के लेने की बात कही थी, लेकिन कुछ नहीं हुआ। भीम आर्मी से जुड़े व्यक्ति ने सवाल उठाया कि मेरी ओर से दर्ज मुकदमे में मथुरा गेट पुलिस ने एफआर लगा दी। पुलिस उसे झूठा बताया। यदि मुकदमा झूठा हो तो मैं फांसी पर चढऩे को भी तैयार हूं। श्यामसुंदर गौड़ ने कहा कि पूर्व में महापौर के खिलाफ शिकायत की, लेकिन परमीशन मिलने के चक्कर में सब कुछ खत्म हो गया, उल्टा हरेशमेंट ही हुआ। कपिल फौजदार ने जनाना अस्पताल में कथित भ्रष्टाचार का मामला बताया। इस पर सोनी ने कहा कि इस मामले में एसीबी ने टिप्पणी भेजी है। दीपक तोमर ने कहा कि मंदिर की जमीन का पट्टा दे दिया और 50 करोड़ रुपए की जमीन एक करोड़ में बेच दी। भरत सिंह ने कहा कि थाने, चौकी और तहसील टेंडर प्रक्रिया और ठेकेदारी से चल रहे हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही। सभी सवालों के मामले में सोनी ने सधे हुए जवाब दिए।
Published on:
19 Nov 2022 02:17 pm
बड़ी खबरें
View Allभरतपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
