
भाजपाइयों का कलक्ट्रेट पर हंगामा, पुलिस के साथ धक्का-मुक्की
भरतपुर. जिले के डीग थाने के गांव पसोपा में आदिबद्री व कनकांचल पर्वत को खनन मुक्त कराने की मांग को लेकर साधु के आत्मदाह की कोशिश करने के मामले को लेकर आक्रोष व्याप्त है। इसको लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कलक्ट्रेट पर विरोध-प्रदर्शन व हंगामा किया। कलक्ट्रेट परिसर में प्रवेश को लेकर भाजपा नेताओं व पुलिसकर्मियों के बीच धक्का-मुक्की भी हो गई। ऐसे में पुलिस को भी भाजपा नेताओं के विरोध का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार व पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
विरोध प्रदर्शन में भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. शैलेष सिंह ने कहा कि राज्य की गहलोत सरकार साधु-संतों के साथ भी अन्याय कर रही है। बृज के धार्मिक महत्व के प्राचीन पहाड़ों की रक्षा के लिए साधु-संतों की ओर से लंबे समय से आंदोलन किया जा रहा था, लेकिन उनकी मांग को अनसुना किया गया। इसका परिणाम यह हुआ कि मांग पूरी नहीं होने पर पसोपा स्थित मंदिर के महंत विजय बाबा को आत्मदाह के लिए विवश होना पड़ा। हकीकत यह है कि प्रदेश की गहलोत सरकार खननमाफियाओं का समर्थन कर रही है। तमाम मंत्री व विधायक खननमाफियाओं के साथ मिलकर प्रकृति का विनाश करने पर तुले हुए हैं। चारों ओर भ्रष्टाचार व्याप्त है। अगर यही हाल रहा तो बृज की प्राचीन धरोहरों पर संकट खड़ा हो जाएगा। पूर्व जिलाध्यक्ष गिरधारी तिवारी ने कहा कि 552 दिन तक साधु-संतों के धरने को प्रशासन व राज्य सरकार ने अनदेखा किया। यही कारण है कि प्रशासन की अनदेखी के कारण साधु को इतना बड़ा कदम उठाने के लिए विवश होना पड़ा। प्रदर्शन में भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष मोहन रारह, भाजयुमो जिलाध्यक्ष सौरव ताखा, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष हंसिका गुर्जर, पूर्व जिलाध्यक्ष सत्येंद्र गोयल, पूर्व महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष शिवानी दायमा, नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष रूपेंद्र सिंह जघीना, अन्नू चौधरी आदि उपस्थित थे।
Published on:
21 Jul 2022 01:07 pm
बड़ी खबरें
View Allभरतपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
