
दो मंत्रियों ने संभाली नगर निगम विवाद की कमान, एक सप्ताह में हो सकता है समाधान
भरतपुर. नगर निगम में चल रहे सियासी घमासान के बीच अब विवाद से राहत की कोशिश भी शुरू हो गई है। बताया जा रहा है कि अगले कुछ दिन के अंदर इस विवाद का निस्तारण हो सकता है। चूंकि जिले के ही दो राज्यमंत्री ने विरोधी खेमे के एक मुखिया को बुलाकर वार्ता की है। इसमें मुखिया ने स्पष्ट तौर पर आयुक्त का जिले से बाहर तबादला कराने की मांग रखी। हालांकि अभी तक इस मांग पर पूरी सहमति नहीं बन पाई है। सूत्रों की मानें तो कुछ दिन इस विवाद का निस्तारण दोनों मंत्रियों के स्तर पर हो सकता है। वहीं दूसरी ओर से आयुक्त के तबादले की मांग कर रहे पार्षदों के गुट ने बैठक कर विरोध जताया कि चंद नेताओं ने शहर में कांग्रेस को दो टुकड़ों में बांट दिया है।
सूत्रों के अनुसार वैर से विधायक एवं गृह रक्षा एवं नागरिक सुरक्षा विभाग (स्वतंत्र प्रभार) राज्यमंत्री भजनलाल जाटव ने नगर निगम के मेयर अभिजीत कुमार से इस प्रकरण को लेकर बात कर विस्तार से जानकारी प्राप्त की। इसके बाद जयपुर में ही तकनीकी एवं संस्कृत शिक्षा राज्यमंत्री डॉ. सुभाष गर्ग की मौजूदगी में वार्ता की गई। हालांकि जब इस बारे में दोनों मंत्री व मेयर से बात की तो उन्होंने कुछ भी बोलने से इंकार कर दिया। इधर, इस मामले को लेकर यह भी सामने आया है कि खुद जिले के प्रभारी मंत्री व सरकारी मुख्य सचेतक महेश जोशी के पास भी यह मामला पहुंच गया। जहां उन्होंने स्थानीय स्तर पर विवाद का निस्तारण कराने के लिए जिला कलक्टर व मंत्रियों से बात की। तब जाकर समझौता वार्ता के माध्यम से इस विवाद को समाप्त कराने की कोशिश की गई है। वहीं स्थानीय विश्वप्रिय शास्त्री पार्क में कांग्रेस व कांग्रेस समर्थित पार्षदों की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता बवीता सुरेश ने की। बैठक को सम्बोधित करते हुए कांग्रेस के पार्षद चतर सिंह सैनी ने कहा कि भरतपुर विधायक बार-बार क्षेत्र के विकास की बात करते हैं परन्तु विकास कार्य उन क्षेत्रों में कराया जा रहा है जिन क्षेत्रों में विकास की कोई जरुरत ही नहीं है। पार्षद देवेन्द्र ने कहा कि नौंह स्थित कचरा घर की बदबू व मक्खियों के प्रकोप से आसपास के गांव के लोगों में बीमारियों का प्रकोप बढ रहा है। पार्षद किशोर सैनी ने कहा कि भरतपुर शहर से जिस प्रकार कांग्रेस पार्टी को टुकड़ों में बांट दिया गया है व कांग्रेस पार्टी को नेता के सानिध्य में पार्टी को खत्म किया जा रहा है। सभी पार्षदों ने एक राय से कहा कि निगम में सरकार मनोनीत किए गए पार्षद कांग्रेस के हैं व शहर के विधायक जो कि दूसरे दल के हैं, इनकी शह पर मनोनीत कांग्रेस पार्षदों से निगम में कांग्रेस के मेयर के खिलाफ भाषण दे रहे हैं व निगम महापौर को कमजोर किया जा रहा है। पार्षद भूपेंद्र शर्मा उर्फ चंदा पण्डा ने कहा कि किला स्थित नेहरू पार्क के पास प्रस्तावित चौपाटी बाजार का निर्माण करने का कोई औचित्य नहीं है। चौपाटी के लिए जो स्थान चयनित किया गया है वह चौपाटी के लिए उपयुक्त नहीं है और न ही वहां चौपाटी के निर्माण के लिए मंजूरी ही मिलेगी। निगम आयुक्त केवल अपनी झूठी वाहवाही बटोरने के लिए अनावश्यक कार्यों के लिए निगम का पैसा खर्च कर रही है। किसी अच्छे स्थान पर चौपाटी निर्माण का कार्य कराया जाए। बैठक में पार्षद मुकेश कुमार पप्पू, प्रकाश मालीपुरा, देवेन्द्र पार्षद, रेनू गौरावर, सुरेन्द्र, भास्कर शर्मा आदि मौजूद थे।
आरोप: धूल चाट रहे कच्चा डंडा व स्टेट ग्रांट एक्ट के पट्टों के आवेदन
काली बगीची स्थित एक प्रतिष्ठान पर पार्षदों की बैठक की गई। बैठक में अध्यक्षता पार्षद मोती सिंह ने की। पार्षद प्रकाश ने कहा कि आयुक्त ने आज तक मेरे वार्ड में कई बार कहने पर भी वार्ड का निरीक्षण नहीं किया। पार्षद कपिल फौजदार ने कहा कि कच्चे डण्डा एवं स्टेट ग्रान्ट एक्ट में पट्टे जारी करने की जमा फाइलें निगम में धूल खा रही हैं लेकिन निगम प्रशासन की तानाशाही के चलते पट्टों को एक जनप्रतिनिधि के इशारे पर जानबूझकर रोककर रखा गया है। बैठक में सभी पार्षदों ने एक राय होकर दो नवंबर को कलक्ट्रेट के सामने राज्यमंत्री व आयुक्त दोनों का पुतला जलाने का निर्णय लिया।
इधर, पार्षद सिकंदर खान बोले: विरोधी गुट की बैठक में नहीं था मौजूद
नगर निगम विवाद के बीच रोचक बात यह है कि दोनों ही गुट एक-दूसरे को कमजोर करने के लिए पार्षदों को अपनी तरफ करने में जुटे हुए हैं। ऐसे में पार्षद सिकंदर खान ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दावा किया कि वह विरोधी गुट की बैठक में मौजूद ही नहीं थे। उन्होंने कहा है कि गत दिवस आयुक्त का विरोध कर रहे पार्षदों के गुट ने उनका नाम खुद की बैठक में दिया था, लेकिन वहां वह मौजूद ही नहीं थे। आयुक्त शहर में अच्छा काम रही है। चुनिंदा पार्षदों की ओर से सर्वसमाज के नाम पर ओछी राजनीति की जा रही है।
Published on:
02 Nov 2020 12:33 pm
बड़ी खबरें
View Allभरतपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
